Breaking News

मौसम विभाग का बड़ा अलर्ट: गुजरात, कोंकण और गोवा के लिए भारी बारिश का रेड अलर्ट     |   राम मंदिर दान काउंटिंग में बड़ा बदलाव, कर्मचारियों के लिए 'नो-पॉकेट' ड्रेस कोड लागू     |   बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन लखनऊ पहुंचे     |   खामेनेई की अंतिम विदाई के दौरान ईरानी लोगों ने "अमेरिका मुर्दाबाद" के नारे लगाए     |   राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में बड़ा एक्शन: आरोपी अविनाश शुक्ला की ब्रेजा कार जब्त     |  

मैं हिंदू धर्म से जुड़ी अपनी पहचान नहीं छोड़ सकता : मुख्यमंत्री शिवकुमार

तुमकुरु, छह जून (भाषा) कर्नाटक के मुख्यमंत्री डी. के. शिवकुमार ने शनिवार को कहा कि वह ना तो अपने हिंदू धर्म को त्याग सकते हैं और ना ही अपनी पहचान को दरकिनार कर सकते हैं।

उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि वे सभी धर्मों का सम्मान करते हैं और शपथ ग्रहण समारोह के दौरान हिंदू रीति-रिवाजों का पालन करना राजनीति से प्रेरित नहीं बल्कि उनकी व्यक्तिगत आस्था का प्रतीक था।

तीन जून को अपने शपथ ग्रहण समारोह के दौरान हिंदू परंपराओं और रीति-रिवाजों का पालन करने के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने पत्रकारों से कहा था, ‘‘राजनीति मेरे लिए महत्वपूर्ण नहीं है। मेरे लिए महत्वपूर्ण है व्यक्ति और ईश्वर के बीच का संबंध। मंदिर और आस्था इसी संबंध से जुड़े हैं। मैं सभी धर्मों की संस्थाओं का आदर करता हूं, चाहे वे ईसाई हों, सिख हों, बौद्ध हों या हिंदू।’’

मुख्यमंत्री ने कहा कि हर धर्म के लोग धार्मिक रीति-रिवाजों का पालन करते हैं और महत्वपूर्ण अवसरों पर आशीर्वाद मांगते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि राज्य की जिम्मेदारी संभालने से पहले उन्होंने भी इसी तरह सभी धार्मिक नेताओं से आशीर्वाद लिया था।

उन्होंने कहा, ‘‘क्या मैं इस राज्य में किसी भी धर्म को छोड़ सकता हूं? क्या मैं अपना नाम बदलकर अपना धर्म त्याग सकता हूं? कोई भी व्यक्ति, चाहे वह किसी भी धर्म का हो, यूं ही अपना धर्म नहीं छोड़ सकता।’’

क्षेत्र के विकास का जिक्र करते हुए शिवकुमार ने कहा कि इलाके में और सुधार की आवश्यकता को लेकर स्थानीय निकायों और काडू सिद्धेश्वर मठ के साथ चर्चा की गई है।

भाषा संतोष रवि कांत