कोलकाता, छह जून (भाषा) कोलकाता में बाबूघाट स्थित हुगली नदी में डूबने से कोलकाता मेडिकल कॉलेज के द्वितीय वर्ष के एक छात्र की शनिवार को मौत हो गई। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि मृतक की पहचान हुगली जिले के कोननगर निवासी श्याममल बासक (24) के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच से पता चलता है कि बासक तड़के लगभग तीन बजे नदी में नहाते समय पानी की तेज धार में बह गया।
अधिकारी ने बताया, ‘‘कोलकाता पुलिस के आपदा प्रबंधन समूह (डीएमजी) के कर्मियों ने इलाके में तलाश अभियान चलाया और दो घंटे की मशक्कत के बाद उसे नदी से बाहर निकाला गया।’’
बासक ने 2024 में यहां आरजी कर अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर से बलात्कार और उसकी हत्या के विरोध में किए गए प्रदर्शनों में भाग लिया था। बासक को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृत्यु के सटीक कारण का पता लगाने के लिए पोस्टमार्टम किया जाएगा, हालांकि प्रारंभिक आकलन से पता चलता है कि मौत डूबने और दम घुटने के कारण हुई है।
भाषा संतोष सिम्मी
सिम्मी