Breaking News

चंपत राय ने लापरवाही की, मैं इस्तीफा नहीं दूंगा: राम मंदिर कोषाध्यक्ष गोविंददेव गिरी     |   यूक्रेन का दावा- हमारे ड्रोन्स ने अजोव सागर में रूस के 11 और जहाजों को निशाना बनाया     |   कच्चे तेल की कीमतों में भारी उछाल: 1 महीने के उच्चतम स्तर 86 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंचा ब्रेंट क्रूड     |   चारा घोटाला केस में लालू यादव को सुप्रीम कोर्ट से राहत, जमानत रद्द करने से इनकार     |   बद्रीनाथ मंदिर चढ़ावा चोरी: SIT ने दान की गिनती वाली जगह का निरीक्षण किया     |  

चंद्रनाथ रथ हत्याकांड : सीबीआई ने बलिया से तीसरे आरोपी को किया गिरफ्तार

बलिया (उप्र), चार जून (भाषा) पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के सहयोगी चंद्रनाथ रथ की हत्या के मामले में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने एक अन्य आरोपी को बलिया में गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

बांसडीह के थाना प्रभारी वंश बहादुर सिंह ने बृहस्पतिवार को बताया कि चंद्रनाथ रथ की हत्या के मामले में सीबीआई ने बुधवार को बांसडीह रोड थानाक्षेत्र के बासुदेवपुर गांव के गोलू सिंह उर्फ टाइगर को गिरफ्तार किया है।

उन्होंने बताया कि बलिया की मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट अदालत ने गोलू सिंह को दो दिनों के लिए ट्रांजिट रिमांड पर सीबीआई को सुपुर्द कर दिया है।

अधिकारियों के मुताबिक सीबीआई ने इस मामले में बलिया से अब तक तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।

उन्होंने बताया कि इससे पहले नवीन कुमार सिंह और राजकुमार सिंह की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि राजकुमार के करीबी ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह ने बलिया की एक अदालत में आत्मसमर्पण कर दिया है।

गोलू सिंह के अधिवक्ता हरिवंश सिंह ने बताया कि सीबीआई ने उनके मुवक्किल को बृहस्पतिवार को स्थानीय मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी शैलेश कुमार पांडे की अदालत में पेश करके उसे तीन दिन के लिए ट्रांजिट रिमांड पर देने की अर्जी दाखिल की।

उन्होंने बताया कि अदालत ने सीबीआई की अर्जी पर विचार करने के बाद गोलू को दो दिन के लिए कोलकाता ले जाने के लिए ट्रांजिट रिमांड की अनुमति दे दी है।

पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के निजी सहायक चंद्रनाथ रथ की पश्चिम बंगाल में पिछली छह मई को गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।

सीबीआई इस मामले की जांच कर रही है।

भाषा सं सलीम राजकुमार

राजकुमार