Breaking News

चंपत राय ने लापरवाही की, मैं इस्तीफा नहीं दूंगा: राम मंदिर कोषाध्यक्ष गोविंददेव गिरी     |   यूक्रेन का दावा- हमारे ड्रोन्स ने अजोव सागर में रूस के 11 और जहाजों को निशाना बनाया     |   कच्चे तेल की कीमतों में भारी उछाल: 1 महीने के उच्चतम स्तर 86 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंचा ब्रेंट क्रूड     |   चारा घोटाला केस में लालू यादव को सुप्रीम कोर्ट से राहत, जमानत रद्द करने से इनकार     |   बद्रीनाथ मंदिर चढ़ावा चोरी: SIT ने दान की गिनती वाली जगह का निरीक्षण किया     |  

मालवीय नगर अग्निकांड : आप ने दिल्ली के गृह मंत्री आशीष सूद को बर्खास्त करने की मांग की

नयी दिल्ली, चार जून (भाषा) आम आदमी पार्टी (आप) ने बृहस्पतिवार को आरोप लगाया कि भाजपा के नेतृत्व वाली दिल्ली सरकार मालवीय नगर के होटल में लगी आग बुझाने में देरी में अपनी विफलता को छिपाने के लिए जनता को गुमराह कर रही है। पार्टी ने घटना को लेकर दिल्ली के गृह मंत्री आशीष सूद को बर्खास्त करने की मांग की।

‘आप’ की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने आरोप लगाया कि राष्ट्रीय राजधानी में बार-बार आग लगने की घटनाएं हुई हैं, जहां दमकल विभाग की देरी और अन्य लापरवाहियों को स्थानीय लोगों ने उजागर किया है।

भारद्वाज ने कहा, ‘‘हमें अग्निशमन विभाग की नाकामियों के बारे में लगातार सुनने को मिल रहा है और हर जगह स्थानीय लोगों की शिकायतें एक जैसी ही हैं। सरकार आग लगने की हर घटना के बाद सिर्फ लोगों को गुमराह करने और अग्निशमन विभाग की नाकामियों को छिपाने की कोशिश कर रही है। मंत्री आशीष सूद इसके लिए सीधे तौर पर जिम्मेदार हैं और उन्हें तुरंत बर्खास्त किया जाना चाहिए।’’

उन्होंने दावा किया, ‘‘घटना वाले दिन के वीडियो में सुबह 8:15 बजे स्थानीय लोगों को गद्दों की मदद से बचाव अभियान चलाते हुए देखा जा सकता है, जिससे यह साबित होता है कि तब तक घटनास्थल पर न तो दमकल विभाग था और न ही पुलिस। वे लगभग डेढ़ घंटे देरी से पहुंचे।’’

भारद्वाज ने कहा, ‘‘पुलिस थाने के पीछे स्थित दमकल स्टेशन आग लगने वाली जगह से सिर्फ तीन मिनट की दूरी पर है। फिर भी दमकलकर्मियों को घटनास्थल पर पहुंचने में डेढ़ घंटा क्यों लग गया?’’

बुधवार सुबह ‘फ्लरिश स्टे बी एंड बी’ में आग लग गई थी जिसमें 21 लोगों की मौत हो गई और दर्जनों लोग झुलस गए। इस हादसे में जान गंवाने वाले कई विदेशी नागरिक भी शामिल हैं, जो पास के अस्पताल में इलाज करा रहे अपने रिश्तेदारों की तीमारदारी के लिए आए थे और होटल में ठहरे हुए थे।

अधिकारियों ने बताया कि आग लगने का कारण अब तक पता नहीं चल पाया है।

भाषा शफीक नरेश

नरेश