Breaking News

चंपत राय ने लापरवाही की, मैं इस्तीफा नहीं दूंगा: राम मंदिर कोषाध्यक्ष गोविंददेव गिरी     |   यूक्रेन का दावा- हमारे ड्रोन्स ने अजोव सागर में रूस के 11 और जहाजों को निशाना बनाया     |   कच्चे तेल की कीमतों में भारी उछाल: 1 महीने के उच्चतम स्तर 86 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंचा ब्रेंट क्रूड     |   चारा घोटाला केस में लालू यादव को सुप्रीम कोर्ट से राहत, जमानत रद्द करने से इनकार     |   बद्रीनाथ मंदिर चढ़ावा चोरी: SIT ने दान की गिनती वाली जगह का निरीक्षण किया     |  

गुरुग्राम नगर निगम को बम से उड़ाने की धमकी से सुरक्षा संबंधी चिंताएं बढ़ीं, तलाशी जारी

गुरुग्राम, चार जून (भाषा) गुरुग्राम नगर निगम मुख्यालय और सेक्टर 34 स्थित महापौर कार्यालय को बृहस्पतिवार को बम से उड़ाने की धमकी मिली जिससे वहां के कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।

उसने बताया कि फिलहाल तलाशी अभियान जारी है और अधिकारी परिसर में संदिग्ध वस्तुओं या विस्फोटकों की खोज में जुटे हैं।

धमकी भरा ईमेल मिलने पर पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गईं और तत्काल कर्मी, खोजी दस्ते और बम निरोधक इकाइयां नगर निगम के सेक्टर 34 स्थित कार्यालय पहुंच गए।

पुलिस ने बताया कि एहतियात के तौर पर पूरे सरकारी परिसर को खाली करा लिया गया और कर्मचारियों व नागरिकों को परिसर से बाहर निकाल लिया गया।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, 'धमकी ईमेल के माध्यम से भेजी गई थी और इसमें नगर निगम व महापौर के कार्यालय को निशाना बनाने का आह्वान किया गया था।'

पुलिस के अनुसार, यह धमकी खालिस्तान समर्थक समूह के नाम पर दी गई थी और कथित तौर पर इसमें कहा गया, 'हम हरियाणा को खालिस्तान बना देंगे। हम दरबार साहब का बदला लेंगे।'

धमकी भरा यह ईमेल छह जून से दो दिन पहले आया है। छह जून 1984 को स्वर्ण मंदिर से आतंकवादियों को निकालने के लिए 'ऑपरेशन ब्लू स्टार' चलाया गया था

भाषा

शुभम नरेश

नरेश