देहरादून (उत्तराखंड), चार जून (भाषा) वरिष्ठ कांग्रेस नेता राहुल गांधी बृहस्पतिवार को खराब मौसम के कारण अल्मोड़ा नहीं पहुंच सके और उनके हेलीकॉप्टर को बीच रास्ते से ही पंतनगर हवाई अडडा लौटना पड़ा ।
हालांकि, अल्मोड़ा में आयोजित 'परिवर्तन का शंखनाद' जनसभा को उन्होंने हवाई अडडे से ही फोन से संबोधित किया ।
अल्मोड़ा की जनसभा में मौजूद उत्तराखंड के पार्टी मामलों की प्रभारी पार्टी महासचिव कुमारी सैलजा ने माइक पर अपना फोन लगाया जिसके माध्यम से राहुल गांधी ने पंतनगर हवाई अडडे से ही लोगों को संबोधित किया ।
अल्मोड़ा न पहुंच पाने के लिए राहुल गांधी ने जनसभा में मौजूद लोगों से माफी भी मांगी और कहा कि वह जल्द दोबारा उनके बीच आएंगे एवं उनसे रूबरू होंगे।
हालांकि, फोन पर राहुल गांधी के संबोधन का काफी हिस्सा स्पष्ट नहीं सुनाई दिया ।
राहुल गांधी ने कहा, ‘‘मैं पंतनगर हवाईअड्डे से बोल रहा हूं । आज सुबह मुझे वहां आना था लेकिन जब हम हेलीकॉप्टर से आ रहे थे तो पायलट ने बोला कि मौसम खराब है और हमें वापस पंतनगर जाना पड़ेगा ।’’
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि उत्तराखंड के निर्माण के पीछे के ‘विजन’ को कमजोर किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य के लोगों ने एक ऐसे भविष्य की कल्पना की थी जहां आत्मनिर्णय का अधिकार उनके पास हो ।
उन्होंने कहा, ‘‘मगर दुख की बात है कि उत्तराखंड को आप नहीं चलाते, उत्तराखंड को रिमोट कंट्रोल से दिल्ली से चलाया जाता है ।’’
गांधी ने यह भी कहा कि बाहरी लोग प्रदेश के प्राकृतिक संसाधनों का फायदा उठा रहे हैं और स्थानीय लोगों को उनका लाभ नहीं मिल रहा है ।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर निशाना साधते हुए केंद्र सरकार पर महत्वपूर्ण सामाजिक-आर्थिक सुरक्षा उपायों को 'व्यवस्थित रूप से समाप्त करने' का आरोप लगाया और कहा कि चार विशिष्ट क्षेत्रों में सुरक्षा उपायों को कमजोर कर दिया गया है।
इस संबंध में राहुल गांधी ने कहा, ‘‘पहली, जनता के घर में रखे सोने और बचत के पैसे को छीन लिया गया । दूसरा, छोटे और मध्यम व्यवसाय जैसे कपड़े और खाद्य प्रसंस्करण के व्यापार को जीएसटी गलत ढंग से लागू कर पूरा ढांचा समाप्त कर दिया गया।’’
उन्होंने कहा, ‘‘तीसरी सुरक्षा हमारी विदेश नीति की थी । आज हम सिर्फ उन देशों से तेल खरीद सकते हैं जिन्हें अमेरिका स्वीकार करता है । तो इसे भी नरेन्द्र मोदी जी और अमित शाह ने तोड़ दिया ।’’
ईरान और अमेरिका के बीच युद्ध का जिक्र करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि इसके परिणामस्वरूप होर्मुज जलडमरूमध्य बंद हो गया । इस संबंध में उन्होंने कहा कि नरेन्द्र मोदी आज देश के लिए नहीं बल्कि अमेरिका के लिए काम कर रहे हैं।
पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा कि चौथी सुरक्षा कृषि और किसान की थी तथा इसे भी कमजोर कर दिया गया ।
उत्तराखंड में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव के मद्देनजर आयोजित इस जनसभा में विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य और पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत सहित लगभग सभी वरिष्ठ नेता मौजूद थे ।
भाषा दीप्ति राजकुमार
राजकुमार