Breaking News

चंपत राय ने लापरवाही की, मैं इस्तीफा नहीं दूंगा: राम मंदिर कोषाध्यक्ष गोविंददेव गिरी     |   यूक्रेन का दावा- हमारे ड्रोन्स ने अजोव सागर में रूस के 11 और जहाजों को निशाना बनाया     |   कच्चे तेल की कीमतों में भारी उछाल: 1 महीने के उच्चतम स्तर 86 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंचा ब्रेंट क्रूड     |   चारा घोटाला केस में लालू यादव को सुप्रीम कोर्ट से राहत, जमानत रद्द करने से इनकार     |   बद्रीनाथ मंदिर चढ़ावा चोरी: SIT ने दान की गिनती वाली जगह का निरीक्षण किया     |  

सीबीएफसी के पूर्व अध्यक्ष पहलाज निहलानी का निधन

(स्लग और कॉपी में सुधार के साथ रिपीट)

मुंबई, चार जून (भाषा) बॉलीवुड के वरिष्ठ फिल्म निर्माता और केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (सीबीएफसी) के पूर्व अध्यक्ष पहलाज निहलानी का निधन हो गया।

निहलानी के मित्र शशि रंजन ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

वह 76 वर्ष के थे।

पहलाज निहलानी का जन्म 10 जनवरी, 1950 को हुआ था। उन्होंने फिल्म निर्माता के तौर अपने करियर की शुरुआत 1982 में आई फ़िल्म 'हथकड़ी' से की थी।

उन्हें 1986 में फिल्म ‘इल्ज़ाम’ के जरिए अभिनेता गोविंदा को पहला बड़ा मौका देने का श्रेय दिया जाता है। उन्होंने 1987 की फिल्म ‘आग ही आग’ के माध्यम से अभिनेता चंकी पांडे को भी फिल्मों में कदम रखने का मौका दिया।

निहलानी की फिल्मों में ‘शोला और शबनम’, ‘आंखें’, ‘दिल तेरा दीवाना’, ‘तलाश’ और ‘रंगीला राजा’ शामिल हैं।

जनवरी 2015 में निहलानी को सीबीएफसी का अध्यक्ष नियुक्त किया गया था। उनका कार्यकाल अगस्त 2017 तक रहा। इस दौरान फिल्मों में किसी दृश्य को हटाने, अस्वीकरण तथा प्रमाणन संबंधी फैसलों को लेकर फिल्मकारों के साथ उनकी बार-बार टकराव की स्थिति बनी रहती थी।

अपने कार्यकाल के दौरान, उन्होंने कुछ सख्त नए दिशा-निर्देश लागू किए, जिनके तहत 'ए' श्रेणी की फ़िल्मों में भी कुछ अपशब्दों के इस्तेमाल पर रोक लगा दी गई। साथ ही, उन्होंने ऐसी सामग्री को भी प्रतिबंधित करने का प्रयास किया जिसे धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाला या हिंसा को दर्शाने वाला माना जा सकता था।

फिल्म जगत के आलोचकों ने अक्सर उन पर अधिकार क्षेत्र से बाहर जाकर काम करने का आरोप लगाया, जबकि उनका तर्क था कि वह केवल अपना काम कर रहे हैं।

सीबीएफसी के वर्तमान अध्यक्ष शशि शेखर वेम्पति ने 'एक्स' पर एक पोस्ट के जरिए उनके निधन पर शोक व्यक्त किया।

उन्होंने लिखा, 'सीबीएफसी के पूर्व अध्यक्ष पहलाज निहलानी के निधन पर पूरे सीबीएफसी परिवार की ओर से हार्दिक संवेदना।'

निहलानी के परिवार में उनकी पत्नी नीता निहलानी और तीन बेटे हैं।

भाषा प्रचेता वैभव

वैभव नरेश

नरेश