Breaking News

सिविल न्यूक्लियर प्रोग्राम जनहित में अहम है- 'मन की बात' में बोले पीएम मोदी     |   भोपाल: बढ़ती गर्मी का असर, स्कूलों में 30 अप्रैल तक छुट्टी का ऐलान     |   अमेरिका ने अरब सागर में प्रतिबंधित मालवाहक जहाज़ को रोका     |   पंजाब सरकार ने हरभजन सिंह की सिक्योरिटी वापस ली, घर के बाहर से हटे सुरक्षाकर्मी     |   मुंबई : रिया चक्रवर्ती के बैंक खाते अनफ्रीज किए गए     |  

पंजाब में 'मुख्यमंत्री मावां धीयां सत्कार योजना' के लिए पंजीकरण शुरू

आदमपुर, 14 अप्रैल (भाषा) पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने मंगलवार को घोषणा की कि उनकी सरकार की महत्वाकांक्षी 'मुख्यमंत्री मावां धीयां सत्कार योजना' के लिए पंजीकरण शुरू हो गया है।

इस योजना के तहत सामान्य वर्ग की महिलाओं को प्रति माह एक हजार रुपये और अनुसूचित जाति की महिलाओं को पंद्रह सौ रुपये की वित्तीय सहायता मिलेगी।

मान आंबेडकर जयंती के अवसर पर आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में एक सभा को संबोधित कर रहे थे।

राज्य सरकार ने इस महीने की शुरुआत में 'मुख्यमंत्री मावां धीयां सत्कार योजना' के कार्यान्वयन के लिए अधिसूचना जारी की।

मान ने बताया, 'आज से आदमपुर, मलोट, आनंदपुर साहिब, दिरबा, सुनाम, कोटकापुरा, मोगा, बटाला और पटियाला ग्रामीण में (मुखमंत्री मावां धीयां सत्कार योजना के लिए) पंजीकरण शुरू हो रहा है।'

उन्होंने कहा कि इस योजना के लिए पंजीकरण आंगनवाड़ी केंद्रों, सेवा केंद्रों, नगर निगम और नगर समिति कार्यालयों सहित निर्धारित स्थानों पर किया जा सकता है।

आम आदमी पार्टी (आप) के नेता मनीष सिसोदिया ने कहा कि अगले एक-दो महीनों में राज्य भर में 'मुख्यमंत्री मावां धीयां सत्कार योजना' के लिए पंजीकरण होने के बाद, लाभार्थियों को जुलाई से उनके बैंक खातों में वित्तीय सहायता मिलनी शुरू हो जाएगी।

पंजाब में मतदाता के रूप में पंजीकृत 18 वर्ष या उससे अधिक आयु की महिलाएं ,जिनके पास पंजाब में निवास दर्शाने वाला वैध आधार कार्ड और भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी वैध मतदाता पहचान पत्र है, वे इस योजना के तहत लाभार्थी के रूप में नामांकित होने के लिए पात्र होंगी।

भाषा

राखी माधव

माधव