Breaking News

‘डायरेक्ट डील अभी नहीं’, पाकिस्तान बोला- US-ईरान के बीच सहमति बनेगी तब ही होगा समझौता     |   संदिग्ध समुद्री डाकुओं ने सोमालिया के पास सीमेंट ले जा रहे जहाज को हाईजैक किया     |   व्हाइट हाउस के चीफ ऑफ स्टाफ की इस सप्ताह राष्ट्रपति की सुरक्षा प्रोटोकॉल पर बैठक     |   नासिक TCS केस: आरोपी निदा खान की अग्रिम जमानत पर सुनवाई 2 मई तक टली     |   WB: MP मिताली बाग पर हमला करने वाले BJP के गुड़ों को अभिषेक बनर्जी ने चेतावनी दी     |  

दिल्ली के मुक्केबाज की हत्या के मामले में भगोड़ा अपराधी गिरफ्तार

नयी दिल्ली, 13 अप्रैल (भाषा) दिल्ली पुलिस ने पुरानी दुश्मनी के चलते राष्ट्रीय राजधानी में एक मुक्केबाज की हत्या के सिलसिले में एक भगोड़े अपराधी और कथित शूटर को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि आरोपी की पहचान विकास दहिया (42) के रूप में हुई है, जो हरियाणा के सोनीपत जिले का निवासी है और उसे चंडीगढ़ से गिरफ्तार किया गया है।

अधिकारी ने बताया कि यह मामला दिल्ली के सुरखपुर गांव में मुक्केबाज विकास डागर उर्फ ​​भिंडा की सुनियोजित हत्या से संबंधित है।

पुलिस अधिकारी ने बताया, “यह हत्या पीड़ित और आरोपी के बीच चल रही दुश्मनी और विवाद का नतीजा थी। दहिया ने अपने साथियों के साथ मिलकर डागर की हत्या की साजिश रची। 30 जुलाई, 2025 को आरोपी पीड़ित की गतिविधियों पर नजर रखते हुए सुनियोजित तरीके से मौके पर पहुंचे और गोली मारकर उसकी हत्या कर दी।”

पुलिस ने बताया कि दहिया 'मुख्य हमलावर' था और उसने लक्ष्य की पहचान करते ही करीब से कई गोलियां चलाईं। उसके साथियों ने साजिश को अंजाम देने में कथित तौर पर मदद की और हमले के बाद बच निकलने के मार्ग को सुनिश्चित किया। ​​पीड़ित की मौके पर ही मौत हो गई।

इस संबंध में बाबा हरिदास नगर थाने में मामला दर्ज किया गया था।

दहिया को बाद में अक्टूबर 2025 में भगोड़ा अपराधी घोषित कर दिया गया। दहिया को इससे पहले हरियाणा में 2010 के हत्या के एक मामले में दोषी ठहराया गया था। जब उसने कथित तौर पर हत्या को अंजाम दिया तब वह जमानत पर बाहर था।

अधिकारी ने कहा, 'एक टीम ने चंडीगढ़ में उसकी लोकेशन का पता लगाया और रविवार को उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान उसने अपना जुर्म कबूल किया और बताया कि गिरफ्तारी से बचने के लिए वह अलग-अलग राज्यों में अपने ठिकाने बदल रहा था।'

पुलिस ने बताया कि उसके दो साथी अब भी फरार है और उन्हें पकड़ने के प्रयास जारी हैं।

भाषा नोमान प्रशांत

प्रशांत