Breaking News

‘डायरेक्ट डील अभी नहीं’, पाकिस्तान बोला- US-ईरान के बीच सहमति बनेगी तब ही होगा समझौता     |   संदिग्ध समुद्री डाकुओं ने सोमालिया के पास सीमेंट ले जा रहे जहाज को हाईजैक किया     |   व्हाइट हाउस के चीफ ऑफ स्टाफ की इस सप्ताह राष्ट्रपति की सुरक्षा प्रोटोकॉल पर बैठक     |   नासिक TCS केस: आरोपी निदा खान की अग्रिम जमानत पर सुनवाई 2 मई तक टली     |   WB: MP मिताली बाग पर हमला करने वाले BJP के गुड़ों को अभिषेक बनर्जी ने चेतावनी दी     |  

गंगटोक में PM मोदी का रोड शो, सिक्किम में 4000 करोड़ की परियोजनाओं का करेंगे शुभारंभ

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को सिक्किम की राजधानी गंगटोक में रोड शो किया, जहां लोगों ने उनका जोरदार स्वागत किया। सड़क के दोनों ओर बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे और प्रधानमंत्री के काफिले का उत्साह के साथ अभिवादन किया। प्रधानमंत्री मोदी दो दिवसीय दौरे पर सिक्किम पहुंचे हैं। इस दौरान वह राज्य के 50वें स्थापना दिवस समारोह के समापन कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। मंगलवार सुबह वह गंगटोक के ऑर्किडेरियम का दौरा करेंगे, जहां ‘स्वर्णजयंती मैत्री मंजरी पार्क’ के रूप में एक आधुनिक और विश्वस्तरीय ऑर्किड एक्सपीरियंस सेंटर विकसित किया गया है।

पालजोर स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री 4,000 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे। ये परियोजनाएं इंफ्रास्ट्रक्चर, कनेक्टिविटी, स्वास्थ्य, शिक्षा, ऊर्जा, शहरी विकास, पर्यावरण, पर्यटन और कृषि जैसे कई क्षेत्रों से जुड़ी हैं, जिनका उद्देश्य सिक्किम के समग्र विकास को गति देना है।

स्वास्थ्य क्षेत्र में प्रधानमंत्री नामची जिले के यांगांग में 100 बेड के आयुर्वेद अस्पताल की आधारशिला रखेंगे और एनआईटी देवराली में 30 बेड के इंटीग्रेटेड सोवा रिग्पा अस्पताल का उद्घाटन करेंगे। शिक्षा के क्षेत्र में वह सिक्किम यूनिवर्सिटी के स्थायी परिसर, नेताजी सुभाष चंद्र बोस यूनिवर्सिटी ऑफ एक्सीलेंस के प्रशासनिक भवन, हेलेन लेपचा मेडिकल कॉलेज और डेंटम प्रोफेशनल कॉलेज का उद्घाटन करेंगे।

इसके अलावा कई मॉडल स्कूल, डिग्री कॉलेज और 160 स्कूलों में आईटी आधारित शैक्षणिक परियोजनाओं की शुरुआत भी की जाएगी। कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने के लिए तीस्ता नदी पर दो नए पुलों का शिलान्यास और सड़कों के चौड़ीकरण का कार्य भी शुरू किया जाएगा। ऊर्जा क्षेत्र में गंगटोक में ट्रांसमिशन और डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क को मजबूत करने वाली परियोजनाओं का उद्घाटन किया जाएगा, जिससे क्षेत्र में बिजली आपूर्ति और अधिक विश्वसनीय होगी। प्रधानमंत्री इस मौके पर जनसभा को भी संबोधित करेंगे।