Breaking News

‘भारतीय जनता पार्टी के पास पंजाब में कोई चेहरा नहीं’, बोले मुख्यमंत्री भगवंत मान     |   ‘भारतीय जनता पार्टी ने पंजाबियों के साथ गद्दारी की’, मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा     |   ‘पंजाब की इमेज खराब करने की कोशिश’, राघव चड्ढा के इस्तीफे पर बोले सीएम भगवंत मान     |   राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा थोड़ी देर में बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन से मिलेंगे     |   राघव चड्ढा का BJP में शामिल होने का ऐलान, ‘पीएम मोदी के नेतृत्व पर पूरा भरोसा’     |  

पाकिस्तान के बलूचिस्तान में हजारा अल्पसंख्यक समुदाय के दो लोगों की हत्या

कराची, 13 अप्रैल (एपी) पाकिस्तान के अशांत बलूचिस्तान प्रांत में शिया मुस्लिम हजारा अल्पसंख्यक समुदाय के दो लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी गई।

पुलिस ने बताया कि यह घटना शनिवार को बलूचिस्तान की राजधानी क्वेटा में घटी।

पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी खैर सुमलानी ने बताया कि अज्ञात बंदूकधारी लोग दो मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए और हजारा टाउन से अपने व्यापार के लिए सब्जियां खरीदने हजारगंज बाजार पहुंचे हजारा समुदाय के लोगों पर उन्होंने गोलीबारी की।

उन्होंने बताया कि गोलीबारी में हजारा अल्पसंख्यक समुदाय के दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए।

पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘‘यह सुनियोजित हत्या प्रतीत होती है।’’

फिलहाल किसी भी समूह ने इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है।

घटना के तुरंत बाद हजारा समुदाय ने हमले के विरोध में वेस्टर्न बाईपास को अवरुद्ध कर दिया, जिससे यातायात बाधित हो गया।

हजारा समुदाय पर पहले भी हमले हुए हैं, लेकिन कुछ समय से चरमपंथी धार्मिक समूह के उग्रवादी और आतंकवादी उन पर निशाना नहीं साध रहे हैं।

क्वेटा के हजारगंज बाजार में 2019 में हुए बम विस्फोट में कम से कम 20 लोग मारे गए और 48 अन्य घायल हो गए थे।

क्वेटा के हजारा टाउन में फरवरी 2013 में हुए बम विस्फोट में 91 लोग मारे गए और लगभग 190 लोग घायल हो गए थे।

भाषा यासिर वैभव

वैभव