Breaking News

कोलकाता: टीएमसी छात्र यूनियन के दफ्तर में मिले जले हुए नोट, करोड़ों रुपये की नकदी नष्ट     |   बिहार में सम्राट चौधरी कैबिनेट की बैठक कल, कई महत्वपूर्ण फैसलों पर लग सकती है मोहर     |   सरकार का बड़ा एक्शन, सीबीएसई चेयरमैन और सेक्रेटरी को हटाया गया     |   चेन्नई पोर्ट पर सल्फर गैस लीक, लोगों ने की आंखों में जलन और सांस लेने में दिक्कतों की शिकायतें     |   गद्दारी करने वालों को सन्मति दे भगवान: ममता बनर्जी     |  

Uttarakhand: देवप्रयाग में टैक्सी अनियंत्रित होकर अलकनंदा में गिरी, दो की मौत, बाकी लापता

Uttarakhand: उत्तराखंड में टिहरी जिले के देवप्रयाग में मंगलवार को एक टैक्सी के अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे अलकनंदा नदी में गिर जाने से उसमें सवार दो व्यक्तियों की मौत हो गयी और कुछ अन्य लापता हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों के मुताबिक, बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर सैनिक होटल के समीप हुई दुर्घटना में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुआ है जिसे बाहर निकालकर पौड़़ी जिले के श्रीनगर अस्पताल भेजा गया है।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ) और स्थानीय प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंची और राहत और बचाव अभियान शुरू किया गया। हालांकि, नदी के तेज बहाव और दुर्गम भूभाग के कारण बचाव अभियान चुनौतीपूर्ण बना हुआ है।

प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि वाहन में चालक सहित आठ व्यक्ति सवार थे और सभी राजस्थान के निवासी हैं। वाहन हरिद्वार की ओर जा रहा था। बचाव दलों को दो शव बरामद हुए हैं जिन्हें नौका के जरिए बाहर लाया जा रहा है। एक अन्य व्यक्ति घायलवस्था में मिला है जिसे अस्पताल भेजा गया है।

अन्य संभावित लापता व्यक्तियों की तलाश हेतु एसडीआरएफ और पुलिस द्वारा नदी तट और आसपास के क्षेत्रों में व्यापक अभियान चलाया जा रहा है। अधिकारियों ने बताया कि घटना से संबंधित अन्य तथ्यों और वाहन में सवार व्यक्तियों की संख्या और उनकी पहचान के संबंध में जानकारी की पुष्टि के प्रयास किए जा रहे हैं।