करीब 19 साल पहले दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाने वाली फिल्म ‘आवारापन’ अब अपने सीक्वल के साथ लौट रही है। अभिनेता इमरान हाशमी एक बार फिर शिवम पंडित के किरदार में नजर आएंगे। फिल्म ‘आवारापन 2’ का पहला टीज़र 29 जून को रिलीज किया गया, जो मूल फिल्म की रिलीज के ठीक 19 साल पूरे होने के मौके पर सामने आया है।
करीब 1 मिनट 45 सेकंड लंबे इस टीज़र की शुरुआत इमरान हाशमी के बाइक चलाते हुए दिखाई देने वाले दृश्य से होती है, बैकग्राउंड में उनकी आवाज सुनाई देती है.
“कुछ लोगों की कहानियां उनकी मर्जी से खत्म नहीं होतीं, उनकी कहानी दूसरों के लिए लिखी जाती है।” टीज़र में शिवम पंडित को 2007 की फिल्म में श्रिया सरन द्वारा निभाए गए किरदार आलिया हमीद को श्रद्धांजलि देते हुए भी दिखाया गया है।
इस दौरान लोकप्रिय गीत ‘तो फिर आओ’ का नया वर्जन सुनाई देता है और शिवम कहते हैं—
“दर्द से पुराना रिश्ता है मेरा।” टीज़र में दिशा पटानी, शबाना आज़मी और फिल्म की बाकी स्टारकास्ट की भी झलक देखने को मिलती है। फिल्म का निर्देशन नितिन कक्कड़ कर रहे हैं। ‘आवारापन 2’ शिवम पंडित की कहानी को आगे बढ़ाते हुए फ्रेंचाइजी में एक नया अध्याय जोड़ने वाली है।
गौरतलब है कि मोहित सूरी के निर्देशन में बनी मूल फिल्म ‘आवारापन’ 29 जून 2007 को रिलीज हुई थी। इमरान हाशमी और श्रिया सरन अभिनीत यह फिल्म रिलीज के समय बॉक्स ऑफिस पर खास कमाल नहीं दिखा सकी थी, लेकिन समय के साथ इसे कल्ट क्लासिक का दर्जा मिला। फिल्म के गाने, खासकर ‘तो फिर आओ’, आज भी दर्शकों के बीच बेहद लोकप्रिय हैं।
पहली फिल्म की कहानी कॉन्ट्रैक्ट किलर शिवम पंडित के इर्द-गिर्द घूमती थी, जिसे अपने बॉस की प्रेमिका पर नजर रखने का काम सौंपा जाता है। बाद में उसे पता चलता है कि वह मानव तस्करी का शिकार है, जिसके बाद वह उसे उसके सच्चे प्यार से मिलाने की कोशिश करता है। ‘आवारापन 2’ 14 अगस्त 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।