पद्म पुरस्कार समारोह में व्हीलचेयर पर नजर आने के बाद दिग्गज गायिका अलका याज्ञनिक की सेहत को लेकर सोशल मीडिया पर कई तरह की अटकलें लगने लगीं। अब अलका याज्ञनिक ने खुद सामने आकर अपने स्वास्थ्य को लेकर स्थिति स्पष्ट की है और प्रशंसकों को आश्वस्त किया है कि उनकी तबीयत में सुधार हो रहा है। अलका याज्ञनिक ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट साझा करते हुए बताया कि पद्म सम्मान समारोह के दौरान पूरे दिन की व्यस्तता और थकान के कारण उन्होंने समारोह से निकलते समय व्हीलचेयर सहायता मांगी थी। उन्होंने कहा कि उनकी सेहत को लेकर चिंता करने की जरूरत नहीं है।
उन्होंने लिखा, "मैंने समारोह का एक वीडियो देखकर लोगों की चिंता देखी है और मैं सभी को आश्वस्त करना चाहती हूं कि मैं ठीक हूं और मेरी रिकवरी सकारात्मक रूप से आगे बढ़ रही है। पद्म सम्मान समारोह के लंबे और यादगार दिन के बाद मैं सिर्फ थक गई थी, इसलिए बाहर निकलते समय व्हीलचेयर की मदद ली थी।" अलका याज्ञनिक ने अपने प्रशंसकों के प्यार, प्रार्थनाओं और समर्थन के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि वह पहले से बेहतर महसूस कर रही हैं और लोगों का स्नेह उन्हें लगातार मजबूत बना रहा है।
उन्होंने भारत सरकार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और गृह मंत्रालय का भी धन्यवाद किया। उन्होंने कहा, "मेरे दिल में गहरी कृतज्ञता है। भारत की माननीय राष्ट्रपति, माननीय प्रधानमंत्री, गृह मंत्रालय और भारत सरकार का इस सम्मान के लिए हार्दिक आभार। आइए इस खुशी के अवसर का मिलकर जश्न मनाएं।" इससे पहले अलका याज्ञनिक ने एक अन्य पोस्ट में बताया था कि पिछले दो वर्षों से वह स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के कारण सार्वजनिक जीवन और मीडिया की नजरों से दूर रही हैं। उन्होंने कहा था कि इस कठिन समय में प्रशंसकों का प्यार, संदेश और प्रार्थनाएं उनके साथ रहीं।
उन्होंने लिखा था, "पिछले दो वर्षों से मैं सार्वजनिक कार्यक्रमों और सुर्खियों से दूर रही हूं। कई लोग जानते हैं कि मैं स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियों का सामना कर रही हूं और इस दौरान आपका प्यार और समर्थन मेरे साथ रहा है।" 'अगर तुम साथ हो' जैसी लोकप्रिय गीतों की गायिका अलका याज्ञनिक ने पद्म भूषण सम्मान को विनम्रता और गर्व के साथ स्वीकार किया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मंगलवार को नई दिल्ली स्थित राष्ट्रपति भवन में आयोजित समारोह में उन्हें पद्म भूषण से सम्मानित किया। समारोह के दौरान चलते समय उन्हें सुरक्षा कर्मियों और कार्यक्रम स्टाफ का सहारा लेते देखा गया था, जिसके बाद उनकी सेहत को लेकर चर्चाएं शुरू हो गई थीं।