मध्यप्रदेश के जबलपुर जिले में एक डंपर ट्रक और ऑटो-रिक्शा की टक्कर में सात लोगों की मौत हो गई जबकि 11 और लोग घायल हो गए। पुलिस के एक अधिकारी ने ये जानकारी दी।
पुलिस के मुताबिक ये हादसा बुधवार शाम सिहोरा-मझगवां सड़क पर हुआ। जबलपुर के जिलाधिकारी दीपक सक्सेना ने हादसे में चार पुरुषों और तीन महिलाओं समेत सात लोगों की मौत की पुष्टि की है।
एएसपी सूर्यकांत शर्मा ने बताया कि हादसे की जानकारी मिलने के तुरंत बाद ही सभी अधिकारी मौके पर पहुंच गए। उनके मुताबिक मुख्यमंत्री, जिलाधिकारी और विधायक की तरफ से घायलों को आर्थिक मदद दी गई है।
अधिकारियों के मुताबिक हादसे में मरने वाले सभी लोग और घायल पड़ोसी प्रतापपुर गांव के निवासी
हैं। उन्होंने बताया कि घायलों को इलाज के लिए सिहोरा अस्पताल भेजा गया है।