उत्तर प्रदेश में भारी बारिश और आकाशीय बिजली से हुए जान-माल के नुकसान को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गंभीरता दिखाई है। मुख्यमंत्री ने गुरुवार को अधिकारियों को प्रभावित इलाकों का दौरा करने और पीड़ित परिवारों को हर संभव मदद पहुंचाने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि भारी बारिश और बिजली गिरने से हुई जनहानि, पशुहानि और संपत्ति के नुकसान का आकलन जल्द से जल्द किया जाए।
प्रभावित परिवारों को 24 घंटे के भीतर नियमानुसार मुआवजा उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने अधिकारियों से पीड़ित परिवारों के लगातार संपर्क में रहने और उन्हें हर संभव सहायता देने को कहा है। मुख्यमंत्री ने प्रदेश की जनता से अपील की है कि आकाशीय बिजली के दौरान बिना जरूरी काम के घर से बाहर न निकलें। साथ ही भारी बारिश के दौरान नदियों और अन्य जलस्रोतों में नहाने को लेकर भी विशेष सावधानी बरतने की अपील की गई है।
भारी बारिश के बीच प्रदेश के कई इलाकों में नदियों का जलस्तर भी बढ़ गया है। इसे देखते हुए कई जिलों में रेड अलर्ट जारी किया गया है। बागपत और गौतमबुद्ध नगर-नोएडा में हिंडन नदी, बदायूं में गंगा नदी, अयोध्या और बलिया में घाघरा नदी तथा कुशीनगर में गंडक नदी का जलस्तर चेतावनी के निशान से ऊपर बताया गया है।
इससे पहले सोमवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अनियमित बारिश की स्थिति को लेकर उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की थी। उन्होंने कहा था कि कम बारिश वाले इलाकों में सूखे का खतरा है, जबकि ज्यादा बारिश वाले क्षेत्रों में बाढ़ की स्थिति बन सकती है। ऐसे में सरकार को दोनों परिस्थितियों से निपटने के लिए तैयार रहना होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बाढ़ हो या सूखा, प्रदेश के हर नागरिक की सुरक्षा, किसानों की फसलों की रक्षा और आम लोगों की आजीविका सुरक्षित रखना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को हर जिले की स्थिति के अनुसार राहत और बचाव की रणनीति तैयार करने के निर्देश दिए। कम बारिश वाले जिलों में कृषि कार्य प्रभावित न हों, इसके लिए मुख्यमंत्री ने नहरों, जलाशयों, सरकारी नलकूपों और अन्य उपलब्ध सिंचाई संसाधनों का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित करने को कहा है।
अत्यधिक भारी बारिश की आशंका को देखते हुए बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, कासगंज, एटा, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल और बदायूं समेत आसपास के इलाकों में रेड अलर्ट जारी किया गया है।
भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना को देखते हुए गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, संत कबीर नगर, गोरखपुर, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, गोंडा, सीतापुर, हरदोई, फर्रुखाबाद, कन्नौज, कानपुर देहात, बाराबंकी, अयोध्या, अंबेडकर नगर, सहारनपुर, हाथरस, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद और जालौन समेत आसपास के क्षेत्रों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
वहीं, भारी बारिश की संभावना को देखते हुए प्रयागराज, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, संत रविदास नगर, जौनपुर, कानपुर नगर, उन्नाव, लखनऊ, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, मेरठ, हापुड़, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हमीरपुर, महोबा, झांसी और ललितपुर समेत आसपास के इलाकों में येलो अलर्ट जारी किया गया है।