संगम नगरी को अगले माह एक से दूसरे शहर को जोड़ने के लिए ई-बसें मिलेंगी। पहले चरण में यूपी रोडवेज की ओर से ई-बसों का संचालन वाराणसी, अयोध्या, राबर्टसगंज और लखनऊ के लिए होगा। परिवहन निगम मुख्यालय प्रयागराज परिक्षेत्र को पहले चरण में 24 ई-बसें देगा। राजापुर स्थित प्रयाग डिपो वर्कशॉप में बसों का चार्जिंग स्टेशन तैयार किया जा रहा है।
प्रयागराज में वर्तमान समय प्रयागराज सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेज लिमिटेड के तहत 50 ई बसों का संचालन कुल पांच रूट पर हो रहा है। यह बसें जिले के पांच रूट पर संचालित हो रही हैं। अब पहली बार यूपी रोडवेज भी ई-बसों का संचालन करेगा। इनका रूट निर्धारित कर लिया गया है। बसों का संचालन प्रयागराज से वाराणसी, लखनऊ, अयोध्या और राबर्टसगंज के लिए होगा। अफसरों का कहना है कि चार्जिंग स्टेशन के 10 अक्तूबर तक तैयार होने की उम्मीद है।