Badminton: दो बार के ओलंपिक और विश्व चैंपियन दिग्गज बैडमिंटन खिलाड़ी विक्टर एक्सेलसन ने बुधवार को संन्यास का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि लगातार चोटिल होने की वजह से उन्हें यह फैसला करना पड़ा। डेनमार्क का 32 साल का खिलाड़ी पिछले साल अक्टूबर से पीठ की समस्या की वजह से किसी भी प्रतियोगिता में हिस्सा नहीं ले पाया है।
एक्सेलसन 183 हफ्ते तक दुनिया में नंबर एक खिलाड़ी रहे हैं और वे इस मामले में तीसरे स्थान पर काबिज हैं। उन्होंने कहा कि दर्द कम न होने और डॉक्टरों का खेल जारी रखने पर एक और सर्जरी की चेतावनी दिए जाने के बाद आखिर में उन्हें अपने शरीर की बात सुननी पड़ी।
एक्सेलसन ने चीनी खिलाड़ियों के साथ अपने संवाद को बेहतर करने के लिए मैंडरिन भाषा सीखी। साथ ही, उन्होंने अपने एशियाई समकालीनों और कोचों से भी काफी कुछ सीखा। उन्होंने लगभग एक दशक तक पुरुषों के सिंगल्स मुकाबलों में चीनी वर्चस्व को रोके रखा।
मिलनसार स्वभाव के एक्सेलसन अपने पूरे करियर में अस्थमा से जूझते रहे। उन्होंने टोक्यो और पेरिस ओलंपिक में लगातार स्वर्ण पदक जीते और 2017 और 2022 विश्व चैंपियनशिप में शीर्ष स्थान हासिल किया। वह यूरोपीय चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतने वाली डेनमार्क की छह टीमों का भी हिस्सा रहे। एक्सेलसन ने कहा कि उनका शरीर अब और इजाजत नहीं दे रहा, लेकिन वे अपने शानदार करियर को खुशी और गर्व के साथ याद करेंगे।