Breaking News

CUET UG 2026: तकनीकी गड़बड़ी की बात NTA ने मानी, दोबारा होगी प्रभावित छात्रों की परीक्षा     |   नोएडा के स्पार्क मिंडा फैक्ट्री में लगी भीषण आग, आग बुझाने में जुटी दमकल की 6 गाड़ियां     |   दिल्ली में आंधी-तूफान का खतरा, IMD का रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी     |   'मेरा क्या हाल किया गया, सबने देखा', सोनारपुर में हमले के बाद अभिषेक बनर्जी का BJP पर निशाना     |   ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक पर हमला     |  

पाकिस्तान में फिर हो सकती है अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत, ट्रंप ने दिए संकेत

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने संकेत दिया है कि ईरान में युद्ध खत्म कराने के लिए बातचीत इस हफ़्ते फिर शुरू हो सकती है. राष्ट्रपति ट्रंप ने मंगलवार को ये संकेत दिए हैं कि ईरान के साथ दूसरी वार्ता अगले 2 दिनों में इस्लामाबाद में आयोजित की जा सकती है। गौरतलब है कि ईरान और अमेरिका के बीच अस्थाई युद्धविराम 22 अप्रैल को खत्म हो जाएगा, ऐसे में अगर ये बातचीत नहीं होती है तो दोनों देशों के बीच फिर से तनाव बढ़ सकता है। 

अमेरिका और ईरान के बीच इस्लामाबाद में 21 घंटे लंबी शांति वार्ता चली थी, लेकिन इसमें दोनों देशों के बीच समझौता नहीं हो सका था और ये वार्ता असफल हो गई थी। वाशिंगटन का कहना था कि तेहरान ने परमाणु संवर्धन के अपने अधिकार को छोड़ने से इनकार कर दिया था। रविवार को इस्लामाबाद में एक मीडिया ब्रीफिंग में अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वैंस ने बताया था कि अमेरिका और ईरान के बीच वार्ता विफल रही। अमेरिका ने ईरान के सामने एक "बहुत ही सरल प्रस्ताव" रखा है, जो उसका "अंतिम और सर्वोत्तम" प्रस्ताव है। उन्होंने कहा कि अमेरिका को ईरान से यह स्पष्ट प्रतिबद्धता चाहिए कि वह परमाणु हथियार या ऐसे उपकरण विकसित करने की कोशिश नहीं करेगा जो उसे शीघ्रता से परमाणु हथियार बनाने में मदद करें।

ट्रंप ने न्यूयॉर्क पोस्ट से बात करते हुए संकेत दिए कि पिछले सप्ताह की निष्फल वार्ताओं के बाद राजनयिक बातचीत जल्द ही फिर से शुरू हो सकती है। उन्होंने कहा कि "अगले दो दिनों में कुछ हो सकता है" और उन्होंने पाकिस्तान में बातचीत करने की इच्छा भी जताई। ट्रंप ने वार्ता के दूसरे दौर की संभावना का श्रेय पाकिस्तानी सेना प्रमुख फील्ड मार्शल आसिम मुनीर को दिया। उन्होंने ये भी कहा कि फील्ड मार्शल शानदार काम कर रहे हैं। हालांकि ट्रंप ने ये स्पष्ट नहीं किया कि वार्ता के संभावित दूसरे दौर में अमेरिका का प्रतिनिधित्व कौन करेगा, लेकिन उन्होंने पुष्टि की कि वे स्वयं इसमें भाग नहीं लेंगे।