संसद में मंगलवार को कई अहम मुद्दों पर चर्चा होगी। लोकसभा में लोक परीक्षा (अनुचित साधनों की रोकथाम) संशोधन विधेयक, 2026 पर चर्चा होगी और इसे पास कराने के लिए पेश किया जाएगा। यह बिल परीक्षा में पेपर लीक और नकल जैसी गड़बड़ियों को रोकने के लिए लाया गया है। केंद्रीय राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह इस बिल को लोकसभा में चर्चा और पास कराने के लिए पेश करेंगे। यह बिल लोक परीक्षा (अनुचित साधनों की रोकथाम) अधिनियम, 2024 में बदलाव करेगा।
लोकसभा की कार्यवाही की शुरुआत प्रश्नकाल से होगी। इसके बाद कई केंद्रीय मंत्री सदन में जरूरी दस्तावेज पेश करेंगे। साथ ही संसदीय समितियों की कुछ रिपोर्ट भी सदन में रखी जाएंगी। वहीं, राज्यसभा में केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी MSME विकास (संशोधन) विधेयक, 2026 पेश करेंगे। इस बिल के जरिए MSME विकास अधिनियम, 2006 में बदलाव किया जाएगा।
राज्यसभा में राष्ट्रीय सम्मान के अपमान की रोकथाम (संशोधन) विधेयक, 2026 पर भी चर्चा होगी। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह इस बिल को पास कराने के लिए सदन में पेश करेंगे। बता दें कि लोक परीक्षा (अनुचित साधनों की रोकथाम) संशोधन विधेयक, 2026 को सोमवार को लोकसभा में पेश किया गया था। इस दौरान विपक्षी सांसदों ने जोरदार नारेबाजी की थी, जिसके बाद सदन की कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक स्थगित कर दी गई थी। यह बिल पेपर लीक और परीक्षा में होने वाली गड़बड़ियों को रोकने के लिए कानून को और मजबूत करने के उद्देश्य से लाया गया है। विपक्षी सांसद 20 जुलाई को हुए 'संसद चलो' प्रदर्शन के दौरान छात्रों पर हुई कथित पुलिस कार्रवाई का विरोध कर रहे थे।