Breaking News

उत्तराखंड: 24 घंटे में सामान्य से 354 फीसदी ज्यादा रिकॉर्ड बारिश     |   ठाणे डॉक्टर से मारपीट मामला: शिवसेना कॉर्पोरेटर रमेश म्हात्रे अस्पताल से डिस्चार्ज के बाद कोर्ट में होंगे पेश     |   देहरादून में 'छात्रों की गूंज': कोटा की तर्ज पर युवाओं से 17 जुलाई को संवाद करेंगे राहुल गांधी     |   दक्षिणी चीन में कुदरत का कहर: तूफान 'मायसाक' के कारण आई बाढ़ से 39 लोगों की मौत     |   हरियाणा कांग्रेस में अंदरूनी कलह तेज: हुड्डा और सुरजेवाला के बीच जुबानी जंग तेज     |  

पीएम सूर्य घर योजना को घर-घर पहुंचाने के लिए नुक्कड़ नाटक अभियान, 12 राज्यों में 18 हजार से ज्यादा लोगों तक पहुंची जागरूकता

भारत को ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय (MNRE) ने 'पीएम सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना' के प्रचार के लिए देशभर में नुक्कड़ नाटक अभियान शुरू किया। जून 2026 में शुरू हुए इस अभियान का नाम 'बधाई हो बधाई' रखा गया। यह अभियान 12 राज्यों के 69 जिलों में चलाया गया। इसका उद्देश्य लोगों को आसान और रोचक तरीके से रूफटॉप सोलर और योजना के तहत मिलने वाली सब्सिडी की जानकारी देना था।

नाटक के जरिए समझाई योजना

हर नुक्कड़ नाटक की कहानी एक ऐसे आम व्यक्ति के इर्द-गिर्द थी, जिसका बिजली बिल शून्य (0 रुपये) आता है। जब पड़ोसी उससे इसका कारण पूछते हैं, तो बातचीत के दौरान लोगों को पीएम सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना, सोलर पैनल लगाने की प्रक्रिया और सरकारी सहायता की जानकारी दी जाती है। इस तरह योजना की जानकारी लोगों तक मनोरंजक अंदाज में पहुंचाई गई।

205 नुक्कड़ नाटक, बिना किसी रुकावट के अभियान

अभियान के दौरान टीमों ने मौसम और स्थानीय परिस्थितियों के अनुसार अपने कार्यक्रमों में बदलाव किया। कई जगह एक दिन में चार-चार नुक्कड़ नाटक भी किए गए। पूरे अभियान में 205 नुक्कड़ नाटक सफलतापूर्वक आयोजित किए गए। इस अभियान में उत्तर प्रदेश सबसे आगे रहा। यहां 9 जिलों में 39 नुक्कड़ नाटक आयोजित किए गए, जिनसे 3,910 से अधिक लोग जुड़े। साथ ही योजना की जानकारी पाने के लिए 2,025 से ज्यादा QR कोड स्कैन किए गए। इसके बाद महाराष्ट्र दूसरे स्थान पर रहा। यहां 9 जिलों में अभियान के दौरान 2,430 से अधिक लोगों तक पहुंच बनाई गई और 1,600 QR कोड स्कैन हुए।

अन्य राज्यों में भी मिला अच्छा प्रतिसाद

  • मध्य प्रदेश: 1,790 लोग, 880 QR स्कैन
  • बिहार: 1,735 लोग, 860 QR स्कैन
  • ओडिशा: 1,600 लोग, 730 QR स्कैन
  • राजस्थान: 1,525 लोग, 665 QR स्कैन
  • पश्चिम बंगाल: 1,380 लोग, 640 QR स्कैन
  • आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु: लगभग 2,020 लोग, करीब 960 QR स्कैन
  • दिल्ली: 990 लोग, 525 QR स्कैन
  • गुजरात: 940 लोग
  • छत्तीसगढ़: 540 लोग, 250 QR स्कैन

पूरे अभियान के दौरान 18,920 से अधिक नागरिकों तक सीधे पहुंच बनाई गई और 9,596 से ज्यादा QR कोड स्कैन किए गए। इससे बड़ी संख्या में लोगों ने योजना के बारे में ऑनलाइन जानकारी हासिल की। मंत्रालय के अनुसार, इस अभियान ने पारंपरिक नुक्कड़ नाटक और डिजिटल तकनीक का बेहतरीन मेल पेश किया। लोगों में पीएम सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना को लेकर जागरूकता बढ़ी और रूफटॉप सोलर अपनाने के प्रति रुचि भी देखने को मिली।