Breaking News

भारतीय दूतावास ने भारतीयों से ईरान की गैर-जरूरी यात्रा से बचने को कहा     |   सेंसेक्स 187 अंक चढ़कर 76,388.31 पर पहुंचा, निफ्टी 57 अंक बढ़कर 23,878.85 पर     |   लखनऊ अग्निकांड: एलडीए की जांच में 18 अधिकारी और इंजीनियर दोषी पाए गए     |   भरत तिवारी एनकाउंटर: जगदीशपुर SDPO राजेश वर्मा को हटाया गया     |   मुंद्रा पोर्ट 3000 किलो ड्रग्स केस: ED ने हरप्रीत तलवार के पांच ठिकानों पर छापे मारे     |  

Himachal: कुल्लू में मूसलाधार बारिश से अचानक आई बाढ़, सामान्य जीवन अस्त-व्यस्त

हिमाचल प्रदेश के कुल्लू में शुक्रवार रात मूसलाधार बारिश से  अचानक बाढ़ आ गई। मलबे के कारण कई सड़कें बंद हो गईं और कई गाड़ियां कीचड़ में फंस गईं। अचानक आई बाढ़ से सामान्य जन-जीवन पर  असर पड़ा है। झमाझम बारिश की वजह से अखाड़ा बाजार और गांधी नगर इलाके पानी में डूब गए। सड़कों पर पानी भर गया, जिससे सड़क किनारे खड़ी गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं।

कुल्लू-मनाली लेफ्ट बैंक रोड, जलोरी पास रोड और नेहरू कुंड से आगे की सभी सड़कों समेत 90 सड़कें बंद कर दी गई हैं। कुल्लू डीसी तोरुल रवीश ने बताया कि लोगों को नदी-नालों से दूर रहने और घरों से बाहर नहीं जाने को कहा गया है। 

कुल्लू जिले में कॉलेज और आंगनवाड़ी केंद्रों सहित सभी शैक्षणिक संस्थान बंद कर दिए गए हैं। जिले में बिजली आपूर्ति भी प्रभावित हुई है, लेकिन मणिकरण और मनाली को छोड़कर बाकी इलाकों को बहाल कर दिया गया है।

पुलिस के मुताबिक शास्त्री नगर और गांधी नगर के नदी-नाले उफान पर हैं और भुंतर में सब्जी मंडी में पानी भर गया है। कांगड़ा के छोटा बंगाल और कुल्लू जिले के पानाला में बादल फटने से अचानक बाढ़ आने की खबरें हैं, जिसमें एक दर्जन से ज्यादा वाहन बह गए। 

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि कुल्लू जिले में बारिश के बाद बिजली परियोजना के बांध भर गए हैं और एक गेट खोलने के निर्देश दिए गए हैं। राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने कहा कि साल के इस समय बर्फबारी और बारिश का स्वागत है, क्योंकि इससे नए बागानों को फायदा होता है। हालांकि, इससे हिमस्खलन का खतरा भी बढ़ गया है।