Breaking News

चेन्नई पोर्ट पर सल्फर गैस लीक, लोगों ने की आंखों में जलन और सांस लेने में दिक्कतों की शिकायतें     |   गद्दारी करने वालों को सन्मति दे भगवान: ममता बनर्जी     |   नेपाल की राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी के डेलीगेशन ने दिल्ली में BJP अध्यक्ष से मुलाकात की     |   दिल्ली अमर कॉलोनी मर्डर केस में पुलिस ने अब तक 3 आरोपियों को अरेस्ट किया     |   कर्नाटकः कल शाम 4 बजकर 5 मिनट पर मुख्यमंत्री की शपथ लेंगे डीके शिवकुमार     |  

दाऊद के करीबी सलीम डोला के ड्रग्स नेटवर्क पर ED का बड़ा एक्शन, महाराष्ट्र-गुजरात में 20 ठिकानों पर छापेमारी

प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करी सिंडिकेट के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए महाराष्ट्र और गुजरात में 20 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी शुरू की है। यह कार्रवाई हाल ही में तुर्की से प्रत्यर्पित किए गए सलीम इस्माइल डोला और उसके सहयोगियों से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में की जा रही है। ED की टीम मुंबई, सूरत, अंकलेश्वर और राजकोट में धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA), 2002 के तहत तलाशी अभियान चला रही है।

केंद्र सरकार ने पिछले महीने सलीम डोला को तुर्की से भारत प्रत्यर्पित कराया था। जांच एजेंसियों के अनुसार, वह अंडरवर्ल्ड सरगना दाऊद इब्राहिम का करीबी सहयोगी है और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ड्रग्स तस्करी का नेटवर्क संचालित करता रहा है। ED की मुंबई जोनल टीम ने मंगलवार सुबह उन लोगों के ठिकानों पर छापेमारी शुरू की, जो कथित तौर पर ड्रग्स बनाने में इस्तेमाल होने वाले रसायनों की आपूर्ति, रासायनिक कारोबार, सिंथेटिक ड्रग मेफेड्रोन (MD) के निर्माण और वितरण, हवाला लेनदेन तथा बेनामी संपत्तियों से जुड़े हुए हैं।

ED ने यह जांच मुंबई में दर्ज कई FIR के आधार पर शुरू की है। इन मामलों में सलीम डोला और अन्य आरोपियों पर मादक पदार्थों की अवैध तस्करी और संबंधित अपराधों के आरोप हैं। जांच में अब तक सामने आया है कि यह एक संगठित अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क था, जो ड्रग्स निर्माण के लिए जरूरी रसायनों की खरीद, गुप्त प्रयोगशालाओं में मेफेड्रोन बनाने, विभिन्न राज्यों में इसकी सप्लाई, विदेशों तक तस्करी और हवाला के जरिए अवैध कमाई को ठिकाने लगाने का काम करता था।

अधिकारियों के मुताबिक, छापेमारी के दौरान रासायनिक फैक्ट्रियों, वित्तीय लेनदेन से जुड़े लोगों, अकाउंटेंट्स, चार्टर्ड अकाउंटेंट्स (CA), हवाला ऑपरेटरों और बेनामी संपत्तियों की भी जांच की जा रही है। ED यह पता लगाने में जुटी है कि ड्रग्स तस्करी से अर्जित धन को भारत और विदेशों में संपत्तियां खरीदने तथा अन्य निवेशों में किस तरह लगाया गया। मामले में आगे की जांच जारी है।