Operation Sindoor: न्याय हुआ.. देश के हर कोने से यही आवाज सुनाई दे रही है। हर भारतीय पाकिस्तान और उसके कब्जे वाले कश्मीर में मौजूद आतंकी ठिकानों पर भारतीय सशस्त्र बलों के मिसाइल हमलों की तारीफ कर रहा है। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में जमकर जश्न मनाया जा रहा है। लोग आतिशबाजी कर भारत की तरफ से पाकिस्तान को दिए गए मुहतोड़ जवाब को सही बता रहे हैं।
मुंबई में लोगों ने सेनाओं के दमखम को सलाम किया और सड़कों पर उतरकर मिठाइयां बांटी। उनके मुताबिक पहलगाम आतंकवादी हमले में शामिल होने के लिए ये पाकिस्तान को करारा जवाब है। पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी में लोगों ने गर्व के साथ भारतीय ध्वज लहराया। उनका मानना है कि बुधवार रात पाकिस्तान के खिलाफ की गई कार्रवाई तो बस शुरुआत भर है।
पहलगाम आतंकवादी हमले का जवाब देते हुए भारतीय सशस्त्र बलों ने बुधवार तड़के पाकिस्तान और पाक अधिकृत कश्मीर में नौ आतंकवादी ठिकानों पर मिसाइल हमले किए। इसमें बहावलपुर में जैश-ए-मोहम्मद का गढ़ और मुरीदके में लश्कर-ए-तैयबा का ठिकाना भी शामिल था।