Breaking News

नेपाल में ईंधन संकट के बीच सरकार का फैसला, अब हफ्ते में दो दिन छुट्टी     |   बंगाल के कूचबिहार पहुंचे पीएम मोदी, जनसभा को कर रहे संबोधित     |   कूचबिहार में प्रधानमंत्री मोदी बोले - रैली ने बदलाव पर मुहर लगा दी, बीजेपी की होगी प्रचंड जीत     |   बंगाल में संविधान की प्रक्रिया भी सुरक्षित नहीं, अधिकारियों को बंधक बनाया गया: PM मोदी     |   चुनाव में लालच रोकने के लिए ECI का एक्शन, जब्त किए ₹650 करोड़ की नकदी-शराब     |  

मेरठ में हिजाब पहनने पर छात्रा को परीक्षा से रोका, स्टूडेंट ने DM से की शिकायत

मेरठ में एक मुस्लिम छात्रा को हिजाब पहनकर आने पर 12वीं की परीक्षा देने से रोका गया। बताया जा रहा है शास्त्री नगर स्थित सीजेडीएवी इंटरनेशनल स्कूल के प्रबंधन ने छात्रा को हिजाब पहनकर परीक्षा देने से मना कर दिया। लोहिया नगर के ग्राम नरहेड़ा की रहने वाली अर्शीका ग़ाजी बीआर इंटरनेशनल स्कूल की छात्रा हैं। उनका परीक्षा केंद्र सीजेडीएवी इंटरनेशनल स्कूल में है। परीक्षा के पहले दिन उसे आगे हिजाब न पहनने की चेतावनी दी गई।

जिसके बाद छात्रा ने दो परीक्षा तो किसी तरह दे दी। 21 फरवरी को फिजिक्स का पेपर हुआ और 27 फरवरी को केमिस्ट्री का पेपर हुआ। लेकिन स्कूल से सख्त हिदायत मिली अगर छात्रा हिजाब पहनकर आई तो आगामी परीक्षा में बैठने नहीं दिया जाएगा। अगला पेपर गणित का है जो 8 मार्च को होना है।

आपको बता दें छात्रा ने डीएम डॉ वीके सिंह से स्कूल प्रबंधन की शिकायत की है। छात्रा ने डीएम से शिकायत में कहा कि स्कूल प्रबंधन धर्म के आधार पर कैसे भेदभाव कर सकता है। उन्होंने जिलाधिकारी को बताया, इसकी शिकायत प्रिंसिपल अल्पना जैन से भी की थी, जिस पर उन्होंने अपनी तरफ से तो भरोसा दे दिया लेकिन चेंकिग टीम की तरफ से सख्त हिदायत है कि हिजाब पहनकर आने पर परीक्षा में बैठने नहीं दिया जाएगा।

छात्रा ने कहा कि स्कूल प्रबंधन या चेकिंग टीम उन्हें हिजाब पहनकर स्कूल के अंदर नहीं जाने देगी तो वो परीक्षा नहीं दे पाएगी और उसका साल खराब हो जाएगा।

वहीं इस संबंध में स्कूल की प्रिंसिपल अल्पना जैन से बात की गई, उन्होंने बताया कि छात्रा अभी तक दो परीक्षा दें चुकी हैं। उन्होंने छात्रा से कहा था कि अगर सीबीएसई की ओर से चेकिंग टीम आती है तो आपको हिजाब हटाना पड़ सकता है। शुरू में प्रबंधन टीम द्वारा रोका गया था लेकिन बाद में छात्रा ने परीक्षा दी थी। उन्हें आगे भी नहीं रोका जाएगा।

वहीं छात्रा ने कहा है प्रिंसिपल ने तो परमिशन दे दी है लेकिन गेट पर तैनात चेंकिग टीम हिजाब पहनकर आने की परमिशन नहीं दे रही है। जिसके बाद उसने इस संबंध में मेरठ के जिलाधिकारी से शिकायत की है।