Breaking News

योगी आदित्यनाथ कर्तव्य भवन पहुंचे, गृहमंत्री अमित शाह से करेंगे मुलाकात     |   बांकीपुर से वीणा मानवी का नामांकन रद्द     |   जेल में बंद आसाराम ने जमानत के लिए सुप्रीम कोर्ट से फिर लगाई गुहार     |   कच्चे तेल की कीमतों में भारी उछाल: 1 महीने के उच्चतम स्तर 86 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंचा ब्रेंट क्रूड     |   J-K के सांबा जिले में ड्रोन मार गिराया गया     |  

राम मंदिर चढ़ावा गबन मामला: 8 आरोपियों की न्यायिक हिरासत 14 दिन बढ़ी, 27 जुलाई को अगली सुनवाई

अयोध्या के चर्चित राम मंदिर चढ़ावा चोरी और कथित गबन मामले में अदालत ने गिरफ्तार आठ आरोपियों की न्यायिक हिरासत 14 दिन के लिए बढ़ा दी है। प्रभारी जज प्रतिभा नारायण की अदालत में सुनवाई के बाद अब मामले की अगली सुनवाई 27 जुलाई को होगी। मामले में गिरफ्तार सभी आठ आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां उनकी न्यायिक हिरासत बढ़ाने का आदेश दिया गया। अब 27 जुलाई को अगली पेशी के दौरान मामले की आगे की सुनवाई होगी।

राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने अपनी आधिकारिक वेबसाइट अपडेट कर दी है। वेबसाइट से पूर्व महासचिव चंपत राय और पूर्व ट्रस्ट सदस्य डॉ. अनिल मिश्रा का नाम, फोटो और अन्य विवरण हटा दिया गया है। दोनों ने 26 जून को अपने-अपने पदों से इस्तीफा दिया था। इसके बाद 27 जून को ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष ने इस्तीफों की पुष्टि की थी। वहीं, 6 जुलाई को हुई ट्रस्ट की बैठक में दोनों के इस्तीफे औपचारिक रूप से स्वीकार कर लिए गए थे।

बताया जा रहा है कि इस्तीफे स्वीकार होने के बाद से दोनों ने मंदिर आना भी बंद कर दिया था। हालांकि, ट्रस्ट की वेबसाइट अब तक अपडेट नहीं हुई थी। सोमवार को वेबसाइट अपडेट होने के बाद दोनों का विवरण पूरी तरह हटा दिया गया। ट्रस्ट में अब कृष्ण मोहन को नए महासचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वेबसाइट पर फिलहाल ट्रस्ट के 12 पदाधिकारियों और सदस्यों का ही विवरण उपलब्ध है। चंपत राय और डॉ. अनिल मिश्रा का विवरण हटाए जाने के बाद माना जा रहा है कि दोनों का ट्रस्ट से औपचारिक संबंध पूरी तरह समाप्त हो गया है।