Breaking News

पीएम मोदी ने कतर के शेख से बात की, दोहा हमले पर जताई चिंता     |   Gen-Z आंदोलन के पीछे बड़ा षडयंत्र- अपदस्थ पीएम केपी ओली     |   एशिया कपः भारत ने टॉस जीतकर यूएई के खिलाफ गेंदबाजी का लिया फैसला     |   नेपाल: हिंसा में अब तक 30 लोगों की मौत, 1,033 घायल     |   कांकेर: मुठभेड़ में आठ लाख का इनामी नक्सली मासा मारा गया     |  

उप्र: बलात्कार के आरोपी को पकड़ने गयी पुलिस को रोकने के आरोप में ग्राम प्रधान समेत सात गिरफ्तार

बुलंदशहर (उप्र), 10 सितंबर (भाषा) बुलंदशहर जिले के अहमदगढ़ क्षेत्र में बलात्कार के एक आरोपी को गिरफ्तार करने से पुलिस को रोकने और उसे भागने में मदद करने के आरोप में बुधवार को एक ग्राम प्रधान समेत सात लोगों को गिरफ्तार किया गया।

सोशल मीडिया पर प्रसारित घटना के वीडियो फुटेज और सीसीटीवी कैमरे की रिकॉर्डिंग के आधार पर ये गिरफ्तारियां की गयी हैं।

पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) तेजवीर सिंह ने बताया कि अहमदगढ़ थाने की एक टीम गत चार सितंबर को चेहला गांव में बलात्कार के एक वांछित आरोपी अफजल को गिरफ्तार करने गई थी। इस दौरान ग्राम प्रधान मोहम्मद रऊफ और कुछ अन्य निवासियों ने पुलिस के काम में बाधा डाली जिससे अफजल भाग गया।

उन्होंने बताया कि ग्राम प्रधान और अन्य के खिलाफ पुलिस कार्रवाई में बाधा डालने का मामला दर्ज किया गया है।

सिंह ने बताया कि सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो और सीसीटीवी फुटेज से अपराधियों की पहचान करने के बाद पुलिस ने सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। घटना में शामिल बाकी लोगों की पहचान करने और उन्हें पकड़ने के प्रयास जारी हैं।

उन्होंने बताया कि अफजल (40) पर 29 अगस्त को 23 वर्षीय युवती से बलात्कार के आरोप में मामला दर्ज किया गया था। अफजल अब भी फरार है। पुलिस की कई टीम उसकी गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है।

भाषा सं. सलीम सुरभि

सुरभि