Breaking News

एकता-विविधता भारत के डीएनए में है, मैडिसन स्क्वायर में बोले मोहन भागवत     |   किश्तवाड़ में छात्रा से दुष्कर्म मामले की जांच क्राइम ब्रांच को सौंपी गई     |   CM मोहन यादव ने सतना-रीवा में बाढ़ की स्थिति का जायजा लिया     |   ट्रंप प्रशासन ने अमेरिकी मददगार अफगान के रिश्तेदार को सेंट्रल अफ्रीकी गणराज्य भेजा     |   नेपाल के कई जिलों में भोटे कोशी नदी के बढ़ते जलस्तर को लेकर अलर्ट जारी     |  

बिहार में मोकामा-मुंगेर सड़क परियोजना को मंत्रिमंडल ने दी मंजूरी, 4,447 करोड़ रुपये होंगे खर्च

Delhi: केंद्र सरकार ने बुधवार को बिहार में बक्सर-भागलपुर उच्च गति गलियारे के चार लेन वाले मोकामा-मुंगेर खंड के निर्माण को मंजूरी दी जिस पर कुल 4,447.38 करोड़ रुपये की लागत आएगी। केंद्रीय मंत्रिमंडल की आर्थिक मामलों की समिति (सीसीईए) की बैठक में यह निर्णय लिया गया। बैठक की अध्यक्षता प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने की। इस सड़क निर्माण परियोजना को अगले तीन वर्षों में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने संवाददाताओं से कहा कि यह सड़क खंड हाइब्रिड एन्युइटी मॉडल पर बनाया जाएगा। यह मार्ग मोकामा, बड़हिया, लखीसराय, जमालपुर, मुंगेर से गुजरते हुए भागलपुर को जोड़ता है। आधिकारिक बयान के मुताबिक, पूर्वी बिहार में मुंगेर-जमालपुर-भागलपुर इलाका एक महत्वपूर्ण औद्योगिक क्षेत्र के रूप में उभर रहा है। इस क्षेत्र में बढ़ती आर्थिक गतिविधि भविष्य में मोकामा-मुंगेर खंड पर माल ढुलाई और यातायात को बढ़ावा देगी।

चार लेन वाला यह सड़क गलियारा 80 किलोमीटर प्रति घंटा की औसत रफ्तार के साथ यातायात को सुरक्षित, तेज और निर्बाध बनाएगा। इससे यात्रा में लगने वाला समय 1.5 घंटे तक घट जाएगा। परियोजना के दौरान लगभग 14.83 लाख प्रत्यक्ष मानव-दिवस और 18.46 लाख अप्रत्यक्ष मानव-दिवस रोजगार सृजित होने की उम्मीद है।

इसके अलावा गलियारे के आसपास बढ़ती आर्थिक गतिविधियों के कारण रोजगार के और अवसर पैदा होंगे। बिहार के पथ निर्माण मंत्री नितिन नवीन ने कहा, “इस खंड के निर्माण से यात्रा समय में कमी होगी और मोकामा, बड़हिया, लखीसराय, जमालपुर, मुंगेर एवं भागलपुर में उद्योगों को बढ़ावा मिलेगा। इससे क्षेत्र का रोजगार, विकास और आर्थिक वृद्धि तेज होगी।”