बेंगलुरु, 10 सितंबर (भाषा) कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डी. के. शिवकुमार ने बुधवार को कहा कि कोई परिस्थिति ऐसी नहीं थी कि प्रवर्तन निदेशालय द्वारा कांग्रेस विधायक सतीश सैल को गिरफ्तार किया जाए। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी पार्टी के नेताओं को ‘राजनीतिक कारणों से चुनिंदा तरीके से निशाना बनाया जा रहा है।’
ईडी ने राज्य में कथित अवैध लौह अयस्क निर्यात से जुड़े धन शोधन मामले में सैल को गिरफ्तार किया।
शिवकुमार ने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘सतीश सैल को गिरफ्तार करने की कोई परिस्थिति नहीं थी। (इस मामले में) 2010 से ही चीजें चल रही हैं। राजनीति के लिए, कांग्रेस के लोगों को चुनिंदा तरीके से निशाना बनाया जा रहा है।’’
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, उत्तर कन्नड़ जिले के कारवार से विधायक 59 वर्षीय सैल को मंगलवार देर रात ईडी के बेंगलुरु क्षेत्रीय कार्यालय में पूछताछ के बाद हिरासत में ले लिया गया।
वह हाल के हफ्तों में केंद्रीय एजेंसी द्वारा गिरफ्तार किए जाने वाले कर्नाटक कांग्रेस के दूसरे विधायक हैं। पिछले महीने, ईडी ने कथित अवैध सट्टेबाजी से जुड़े धन शोधन मामले में चित्रदुर्ग के विधायक के. सी. वीरेंद्र 'पप्पी' को गिरफ्तार किया था।
सेल के खिलाफ मामला कथित तौर पर उनसे जुड़ी एक कंपनी द्वारा लौह अयस्क के अवैध निर्यात से संबंधित है।
ईडी की जांच 2010 के कर्नाटक लोकायुक्त मामले से जुड़ी है, जिसमें बेल्लारी से बेलेकेरी बंदरगाह तक लगभग आठ लाख टन लौह अयस्क का अवैध परिवहन होने का पता चला था।
भाषा वैभव नरेश
नरेश