मुंबई/कोटा, 19 अक्टूबर (भाषा) अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर कथित तौर पर गोलीबारी करने वाले तीन लोगों को सोमवार को कोटा रेलवे स्टेशन पर 15 मिनट तक चलाये गए अभियान के बाद एक ट्रेन से पकड़ लिया गया। माना जा रहा है कि तीनों आरोपी नेपाल भागने की फिराक में थे।
कोटा की पुलिस अधीक्षक (एसपी) तेजस्विनी गौतम ने बताया कि बिहार के बेगूसराय के रहने वाले रितिक उर्फ रोशन और हरियाणा के सोनीपत के रहने वाले रेहान समेत तीन लोगों को पुणे-जयपुर सुपरफास्ट एक्सप्रेस के सामान्य डिब्बे से पकड़ा गया। यह ट्रेन सुबह 10:17 बजे कोटा में रुकी थी।
कोटा नगर पुलिस ने उन तीनों को मुंबई पुलिस की एक टीम को सौंप दिया, जिसने उन्हें गिरफ्तार कर लिया और महाराष्ट्र की राजधानी ले जाने के लिए ट्रांजिट रिमांड के वास्ते मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया।
मुंबई के जुहू इलाके में रविवार शाम हुई घटना की जांच के गति पकड़ने पर, पुलिस ने बताया कि रेहान, अनिल पंडित के संपर्क में था जो लॉरेंस बिश्नोई गिरोह का कथित सहयोगी माना जाता है। इसी गिरोह ने सोशल मीडिया पर एक (अपुष्ट) पोस्ट के जरिए इस घटना की जिम्मेदारी ली है।
मुंबई में एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करे हुए पुलिस उपायुक्त राज तिलक रोशन ने बताया कि एक आरोपी की उम्र 18 वर्ष है और बाकी दो की उम्र 22-22 वर्ष है।
उन्होंने कहा, ‘‘दो आरोपी हरियाणा के हैं और एक बिहार का निवासी है। गिरफ्तार किए गए तीन हमलावरों में से दो ने टाइगर श्रॉफ की कार पर पांच से छह गोलियां चलाई थीं।’’
पुलिस उपायुक्त ने बताया कि आरोपियों द्वारा इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल मुंबई के अंधेरी इलाके में मिली थी।
उन्होंने कहा, ‘‘तीनों संदिग्धों के पास से कोई हथियार बरामद नहीं हुआ है। मुंबई पुलिस ने तीनों आरोपियों को अपनी हिरासत में ले लिया है और उन्हें पूछताछ के लिए मुंबई लाया जा रहा है।’’
रोशन ने बताया कि इससे पहले टाइगर श्रॉफ को धमकी मिलने की कोई शिकायत नहीं मिली थी।
उन्होंने कहा, ‘‘अभिनेता पर गोलीबारी करने के पीछे का मकसद अभी पता नहीं चला है। संदिग्ध हमलावरों से पूछताछ के बाद इसका पता लगाया जाएगा।’’
उन्होंने कहा कि अपराध शाखा की 20 विशेष टीमों ने दिल्ली, गुजरात और राजस्थान पुलिस के सक्रिय तकनीकी एवं परिचालन सहयोग से तेजी से अंतरराज्यीय अभियान चलाया और घटना के 15 घंटे के भीतर तीनों संदिग्धों को पकड़ लिया।
पुलिस उपायुक्त ने कहा, ‘‘मुंबई अपराध शाखा की एक विशेष टीम ने राजस्थान पुलिस से तीनों आरोपियों को अपनी हिरासत में ले लिया है और उन्हें पूछताछ के लिए मुंबई लाया जा रहा है।’’
एसपी गौतम के अनुसार, एक आरोपी द्वारा बताई गई जन्मतिथि के अनुसार, उसकी आयु 18 साल से करीब एक माह कम है।
उन्होंने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘हालांकि, पूछताछ और सत्यापन के दौरान यह स्पष्ट हो गया कि वह पहले ही 18 साल का हो चुका था। मुंबई पुलिस ने अब तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और उनका ट्रांजिट रिमांड भी हासिल कर लिया है।’’
रविवार शाम ‘वॉर’ फिल्म के अभिनेता को निशाना बनाकर की गई गोलीबारी की घटना वीडियो में दर्ज हो गई थी। वीडियो में हमलावरों को अभिनेता की कार पर नजदीक से गोलियां चलाते देखा जा सकता है। हालांकि, 36 वर्षीय अभिनेता को मामूली चोटें आईं और वह बच गए। वह दिग्गज अभिनेता जैकी श्रॉफ के बेटे हैं। घटना में उनके चालक और एक अन्य व्यक्ति को चोटें आई थीं।
कई मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक कथित ऑडियो क्लिप काफी वायरल हुई, जिसमें पानीपत निवासी और अमेरिका में रह रहा 32 वर्षीय गैंगस्टर अनिल पंडित यह दावा करता सुनाई दे रहा है कि टाइगर श्रॉफ पर इसलिए हमला किया गया कि उन्होंने अभिनेता सलमान खान के साथ काम न करने की चेतावनियों को नजरअंदाज किया था।
अनिल पंडित को सलमान खान से लॉरेंस बिश्नोई गिरोह और बिश्नोई समुदाय से माफी की मांग करते हुए सुना जा सकता है। खान ने 1998 में एक काले हिरण का कथित तौर पर शिकार किया था, जिसे बिश्नोई समुदाय पवित्र वन्यजीव मानता है।
पंडित ने धमकी दी कि अगर सलमान खान ने माफी नहीं मांगी, तो फिल्म जगत में उनके करीबी अन्य लोगों को भी निशाना बनाया जाएगा।
अनिल पंडित का नाम दिल्ली, पुणे, हरियाणा, कनाडा, थाईलैंड और दुबई में वसूली, गोलीबारी की घटनाओं और धमकियां देने के मामलों से जुड़ा रहा है।
‘पीटीआई-भाषा’ इस वीडियो की प्रमाणिकता की पुष्टि नहीं कर सकी है।
गोलीबारी में शामिल लोगों को पकड़ने के लिए चलाए गए अभियान की जानकारी देते हुए, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा, ‘‘आरोपी गोलीबारी के बाद सूरत की ओर भाग गए थे और फिर जयपुर जाने वाली एक ट्रेन में सवार हो गए। मुंबई पुलिस ने उनकी गतिविधियों पर नजर रखी, राजस्थान पुलिस से संपर्क किया और स्थानीय पुलिस की मदद से उन्हें कोटा रेलवे स्टेशन पर पकड़ लिया।’’
मुख्यमंत्री ने बताया कि आरोपी फिलहाल हिरासत में हैं, और जरूरी कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद पुलिस उन्हें मुंबई लाएगी।
फडणवीस ने कहा, ‘‘इसमें शामिल सभी लोगों का पता लगाया जाएगा। किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।’’
शिवसेना (उबाठा) के नेता संजय राउत ने महाराष्ट्र में गोलीबारी, हत्या, वसूली और अपहरण की घटनाएं कथित तौर पर बढ़ने को लेकर मुख्यमंत्री फडणवीस पर निशाना साधा और विपक्ष के ‘‘सत्ता परिवर्तन’’ के नारे को दोहराया।
राउत ने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘महाराष्ट्र में हर दिन लोगों की हत्या हो रही है। हम इन घटनाओं को लेकर सरकार से सवाल कर रहे हैं और इसी वजह से सत्ता परिवर्तन की मांग कर रहे हैं।’’
मुंबई पुलिस ने संवाददाता सम्मेलन में बताया कि तीन आरोपियों को पकड़ा गया है और अभी उनसे पूछताछ होनी बाकी है। उनके खिलाफ हत्या के प्रयास और शस्त्र अधिनियम की धाराओं के तहत मामले दर्ज किए गए हैं।
शुरुआती पूछताछ कोटा में पुलिस अधीक्षक (एसपी) कार्यालय में की गई।
कोटा की एसपी के अनुसार, संदिग्धों ने पुलिस को बताया कि वे ‘‘वारदात को अंजाम देने’’ के बाद ट्रेन में सवार हुए थे। उन्होंने बताया कि उनकी योजना जयपुर से दिल्ली के लिए बस में सवार होने और फिर नेपाल भागने की थी।
उन्होंने बताया कि संदिग्धों के पास से कोई हथियार बरामद नहीं हुआ है।
इस बीच, रेहान के पिता रईसुद्दीन ने सोमवार को हरियाणा में पत्रकारों को बताया कि उनका बेटा शस्त्र अधिनियम के एक मामले में जमानत पर बाहर था।
रेहान ने नौवीं कक्षा में ही पढ़ाई छोड़ दी थी।
दिहाड़ी मजदूर के तौर पर काम करने वाले रईसुद्दीन ने कहा, ‘‘वह लगभग 10 साल से मेरे साथ नहीं रह रहा है... वह देवडू गांव में अपनी मां के साथ रहता है। कुछ महीने पहले उसे बंदूक से जुड़े एक मामले में आरोपी बनाया गया था। फैक्टरी में काम करने वाली उसकी मां ने उसकी जमानत का इंतजाम किया था।’’
गोलीबारी की घटना से फिल्म जगत स्तब्ध है। ‘फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज’ ने कहा कि इससे फिल्म जगत से जुड़े लोगों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंताएं पैदा हो गई हैं।
फेडरेशन ने कहा, ‘‘हिंसा और डराने-धमकाने की ऐसी हरकतें बिल्कुल भी स्वीकार्य नहीं हैं और इनसे भारतीय फिल्म उद्योग से जुड़े लोगों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंताएं पैदा होती हैं।’’
एफडब्ल्यूआईसीई द्वारा जारी एक बयान में कहा गया, ‘‘यह बेहद परेशान करने वाली बात है कि फिल्म उद्योग की किसी जानी-मानी हस्ती के साथ हुई यह दूसरी ऐसी घटना है। इससे पहले मशहूर फिल्म निर्माता रोहित शेट्टी पर भी गोलीबारी हुई थी। ऐसी घटनाओं का बार-बार होना बहुत चिंताजनक है। संबंधित अधिकारियों को इस पर तुरंत, निर्णायक और प्रभावी कार्रवाई करनी चाहिए।’’
फिल्म उद्योग से जुड़े संगठन ने कहा कि श्रॉफ से जुड़ी घटना की निष्पक्ष और समय पर जांच होनी चाहिए ‘‘ताकि इसके लिए जिम्मेदार लोगों की पहचान कर उन्हें न्याय के कटघरे में लाया जा सके’’।
‘ऑल इंडिया सिने वर्कर्स एसोसिएशन’ ने एक बयान में कहा, ‘‘आज टाइगर श्रॉफ हैं। अगला कौन होगा? जब मुंबई के बीचों-बीच कोई सेलिब्रिटी सुरक्षित नहीं है, तो एक आम मुंबईवासी खुद को कैसे सुरक्षित महसूस कर सकता है?’’
दो मार्च 1990 को जन्मे जय हेमंत श्रॉफ (टाइगर श्रॉफ), बॉलीवुड के प्रमुख एक्शन कलाकार हैं। उन्होंने मार्शल आर्ट भी सीखा है।
उन्होंने 2014 में फिल्म ‘‘हीरोपंती’’ से अपने करियर की शुरुआत की और ‘‘बागी’’, ‘‘बागी 2’’ तथा वाईआरएफ स्पाई यूनिवर्स की ‘‘वॉर’’ जैसी फिल्मों के जरिए खुद को एक एक्शन हीरो के रूप में स्थापित किया।
सलमान खान और टाइगर श्रॉफ ने कभी किसी फिल्म में एक साथ काम नहीं किया है। लेकिन खान और टाइगर के पिता एवं अभिनेता जैकी श्रॉफ अच्छे दोस्त हैं तथा कई फिल्मों में एक साथ काम कर चुके हैं।
रविवार रात टाइगर श्रॉफ से मुलाकात के बाद महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा था कि आपराधिक नेटवर्क को एक बार फिर जड़ से उखाड़ फेंकने का समय आ गया है।
उन्होंने कहा, ‘‘जैसे को तैसा जवाब दिया जाएगा, गोली का जवाब गोली से दिया जाएगा।’’
भाषा
गोला रंजन
रंजन