मुंबई, 19 अक्टूबर (भाषा) संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के उपप्रधानमंत्री शेख अब्दुल्ला बिन जायद अल नाहयान सोमवार शाम दो दिवसीय यात्रा पर मुंबई पहुंचे। इस यात्रा के दौरान व्यापार, ऊर्जा और रक्षा जैसे प्रमुख क्षेत्रों में द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने पर ध्यान दिए जाने की उम्मीद है।
अल नाहयान संयुक्त अरब अमीरात के विदेश मंत्री भी हैं। वह मंगलवार को विदेश मंत्री एस. जयशंकर के साथ व्यापक बातचीत करेंगे।
दोनों देशों के विदेश मंत्रियों के बीच पश्चिम एशिया की समग्र स्थिति पर भी चर्चा होने की उम्मीद है, जिसमें सऊदी अरब पर हाल में हुए हमले भी शामिल हैं।
खाड़ी क्षेत्र के इस प्रभावशाली देश के नेता का हवाई अड्डे पर महाराष्ट्र के कौशल विकास मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा ने स्वागत किया।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने सोशल मीडिया पर कहा, ‘‘यह उच्चस्तरीय यात्रा भारत और यूएई के बीच घनिष्ठ एवं नियमित संपर्क को दर्शाती है और इससे हमारी व्यापक रणनीतिक साझेदारी और मजबूत होगी।’’
जायसवाल ने शुक्रवार को कहा था कि दोनों पक्ष ऊर्जा, व्यापार एवं निवेश, फिनटेक, रक्षा और संपर्क सुविधाओं के क्षेत्रों में की गई पहलों की समीक्षा करेंगे और उन्हें आगे बढ़ाने के तरीकों पर चर्चा करेंगे।
भाषा गोला रंजन
रंजन