नैरोबी, 19 अक्टूबर (एपी) केन्या में 400 से अधिक लोगों की मौत से जुड़े एक धार्मिक समूह के प्रमुख को सोमवार को 191 बच्चों की हत्या का दोषी ठहराया गया। यह मामला देश में धार्मिक कट्टरपंथ से जुड़े सबसे महत्वपूर्ण मामलों में से एक है।
इस धार्मिक समूह का मानना है कि दुनिया का अंत निकट है और प्रलय आने वाली है।
न्यायमूर्ति डायना कावेद्जा ने फैसला सुनाया कि बच्चों की मौत एक संगठित व्यवस्था का नतीजा थीं, जिसमें धार्मिक शिक्षा का इस्तेमाल अनुयायियों को भूखे रहकर जान देने के लिए मजबूर करने के वास्ते किया गया।
केन्या के तटीय इलाके में स्थित गुड न्यूज इंटरनेशनल चर्च के प्रमुख पादरी पॉल मैकेंजी ने अपने अनुयायियों को ईसा मसीह से मिलने के लिए भूखे रहकर जान देने का आदेश दिया था। उसने उपवास के इस आदेश को लागू करवाने के लिए नेतृत्व की एक विस्तृत व्यवस्था भी बनाई थी।
वर्ष 2023 में केन्या के तटीय किलिफी काउंटी में स्थित 800 एकड़ में फैले चकामा रैंच से 400 से अधिक शव निकाले गए थे। मैकेंजी के अनुयायी इसी स्थान पर घास-फूस की झोपड़ियों में रहते थे और स्थानीय समुदायों तथा अधिकारियों की निगरानी से दूर रहते थे।
एपी गोला रंजन
रंजन