Breaking News

टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग के एक संदिग्ध को कोटा से हिरासत में लिया गया     |   हैदराबाद के पास सड़क हादसा, खड़ी लॉरी से टकराई RTC बस, 15 घायल     |   कनाडाई सैन्य अड्डे पर घास में लगी आग, 4 लोगों की मौत     |   तेल अवीव-वियना फ्लाइट को मिली बम से उड़ाने की धमकी, बुल्गारिया में कराई गई इमरजेंसी लैंडिंग     |   भारत छोड़ने के नोटिस को इमरान खान ने दी चुनौती, बॉम्बे हाई कोर्ट में सुनवाई आज     |  

गुरुग्राम की युवती के ‘हत्यारे’ पहचाने गए, पति के भतीजे पर सुपारी देने के आरोप

गुरुग्राम, 19 अक्टूबर (भाषा) हरियाणा में गुरुग्राम पुलिस ने जमीन के सौदे को लेकर 34-वर्षीय एक युवती की कथित तौर पर हत्या करने वाले दो लोगों की पहचान कर ली है। पुलिस के एक अधिकारी ने सोमवार को बताया कि युवती की हत्या उसके पति के भतीजे ने कथित तौर पर सुपरी देकर कराई थी, जिसे गिरफ्तार कर लिया गया है।

अधिकारी ने बताया कि नीतू की गला घोंटकर हत्या की गई थी और वारदात को अंजाम देने वाले दोनों आरोपी फरार हैं।

युवती (नीतू) की 16 अक्टूबर को गुरुग्राम के सोहना के पास ढोहला गांव स्थित उसके घर में हत्या कर दी गई थी।

युवती के पति प्रशांत एक स्कूल में शिक्षक हैं। वह बच्चों के साथ स्कूल से घर लौटे तो बाथरूम में नीतू का शव पाया। नीतू के हाथ बंधे हुए थे और मुंह तथा चेहरे पर टेप लगा हुआ था।

हत्या के आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से नाराज ग्रामीणों ने शनिवार को सोहना-गुरुग्राम मार्ग जाम कर दिया था।

सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) मुकेश यादव के नेतृत्व में एक टीम ने सीसीटीवी फुटेज खंगाली। इसमें प्रशांत का भतीजा संदीप सुबह आठ बजे अपनी बाइक से दो लोगों को प्रशांत के घर के पास स्थित पीर बाबा की दरगाह पर छोड़ता दिखाई दिया।

पुलिस ने रविवार रात संदीप (पूर्व सैनिक) को गिरफ्तार कर लिया। उसने कथित तौर पर कबूल किया कि उसने नीतू की हत्या के लिए रुड़की के दो लोगों को सुपारी दी थी।

पुलिस के अनुसार, संदीप ने अपने बयान में बताया कि प्रशांत कुछ दिन पहले उसे जमीन का एक टुकड़ा बेचने के लिए राजी हो गए थे और उन्होंने इसके लिए कुछ रकम भी ली थी। हालांकि, अगले ही दिन नीतू ने रकम लौटा दी और जमीन बेचने से इनकार कर दिया।

पुलिस ने संदीप के बयान का हवाला देते हुए बताया कि सौदा रद्द होने से नाराज होकर उसने नीतू की हत्या कराने का फैसला किया। इस बीच, कथित हत्यारों की तलाश जारी है।

एक अन्य अधिकारी ने कहा, ‘‘दोनों आरोपियों की पहचान रुड़की निवासी अविनाश और अनुज के रूप में हुई है। उन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।’’

भाषा संतोष सुरेश

सुरेश