Breaking News

टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग के एक संदिग्ध को कोटा से हिरासत में लिया गया     |   हैदराबाद के पास सड़क हादसा, खड़ी लॉरी से टकराई RTC बस, 15 घायल     |   कनाडाई सैन्य अड्डे पर घास में लगी आग, 4 लोगों की मौत     |   तेल अवीव-वियना फ्लाइट को मिली बम से उड़ाने की धमकी, बुल्गारिया में कराई गई इमरजेंसी लैंडिंग     |   भारत छोड़ने के नोटिस को इमरान खान ने दी चुनौती, बॉम्बे हाई कोर्ट में सुनवाई आज     |  

राजस्थान के पूर्व न्यायाधीश से 2.5 करोड़ रुपये की ठगी के मामले में केरलम से एक व्यक्ति गिरफ्तार

कोच्चि, 19 अक्टूबर (भाषा) राजस्थान के एक सेवानिवृत्त न्यायाधीश को ‘डिजिटल अरेस्ट’ का डर दिखाकर उनसे 2.5 करोड़ रुपये की ठगी करने वाले गिरोह के एक सदस्य को केरलम के कोच्चि से गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि आरोपी की पहचान वारापुझा के मन्नमथुरुथु निवासी आनंद बाबू के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी ने सेवानिवृत्त न्यायाधीश को पुलवामा मामले से जुड़े हवाला लेन-देन में शामिल होने का डर दिखाया था और उन्हें गिरफ्तार करने की धमकी दी थी।

राजस्थान पुलिस की एक टीम कोच्चि पहुंची और एर्णाकुलम सेंट्रल के सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) सिबी टॉम से मदद मांगी। इसके बाद दोनों राज्यों की पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाकर आरोपी को वारापुझा से गिरफ्तार कर लिया।

राजस्थान पुलिस ने केरलम पुलिस को सूचित किया है कि इस मामले में राज्य के कुछ अन्य लोगों की संलिप्तता होने का भी संदेह है।

अधिकारियों ने बताया कि आरोपी को आगे की जांच के लिए राजस्थान ले जाया गया है।

‘डिजिटल अरेस्ट’ साइबर ठगी का एक तरीका है, जिसमें जालसाज खुद को पुलिस या किसी सरकारी विभाग का अधिकारी बताकर लोगों को आपराधिक मामलों में फंसाने का डर दिखाते हैं और गिरफ्तारी की धमकी देते हैं। वे पीड़ितों को कई घंटों या दिनों तक वीडियो कॉल पर बनाए रखते हैं और बैंक खातों के सत्यापन के बहाने उनसे अपने खातों में रुपये अंतरित करवा लेते हैं।

भाषा खारी सुरेश

सुरेश