जम्मू, 19 अक्टूबर (भाषा) सुरक्षा बलों ने सोमवार को जम्मू कश्मीर के राजौरी जिले के एक सुदूर वन क्षेत्र में प्राकृतिक गुफा के भीतर संदिग्ध आतंकवादी ठिकाने का भंडाफोड़ किया और मौके से ‘ग्रेनेड लॉन्चर’ से दागे जाने वाले नौ गोले तथा पिस्तौल के 30 कारतूस बरामद किए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि पंच गब्बर इलाके में 60 राष्ट्रीय राइफल्स के जवानों द्वारा चलाए गए तलाशी अभियान के दौरान इस ठिकाने का पता चला।
उन्होंने बताया कि अज्ञात संदिग्धों की आवाजाही के संबंध में मिली खुफिया जानकारी के आधार पर अभियान शुरू किया गया था।
अधिकारियों के अनुसार, अभियान के दौरान संदिग्धों से कोई आमना-सामना नहीं हुआ। हालांकि, सुरक्षा बलों ने एक संदिग्ध ठिकाने का भंडाफोड़ किया और वहां से 'मल्टीपल ग्रेनेड लॉन्चर' (एमजीएल) के नौ गोले, एके राइफल की एक मैगजीन और 7.62 एमएम पिस्तौल के 30 कारतूस बरामद किए।
भाषा प्रचेता प्रशांत
प्रशांत