Breaking News

टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग के एक संदिग्ध को कोटा से हिरासत में लिया गया     |   हैदराबाद के पास सड़क हादसा, खड़ी लॉरी से टकराई RTC बस, 15 घायल     |   कनाडाई सैन्य अड्डे पर घास में लगी आग, 4 लोगों की मौत     |   तेल अवीव-वियना फ्लाइट को मिली बम से उड़ाने की धमकी, बुल्गारिया में कराई गई इमरजेंसी लैंडिंग     |   भारत छोड़ने के नोटिस को इमरान खान ने दी चुनौती, बॉम्बे हाई कोर्ट में सुनवाई आज     |  

महाराष्ट्र: ग्राइंडर से पिता की हत्या करने वाला बेटा गिरफ्तार

पालघर, 19 अक्टूबर (भाषा) महाराष्ट्र के पालघर शहर में पैसों के विवाद में एक व्यक्ति ने इलेक्ट्रिक स्टोन-कटर ग्राइंडर से अपने पिता की कथित तौर पर गला रेतकर हत्या कर दी। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।

पालघर के पुलिस अधीक्षक (एसपी) यतीश देशमुख ने कहा, ‘‘प्रारंभिक जांच से पता चला है कि मोहनलाल परमार (55) और उनके बेटे मुकेश परमार (28) के बीच मुंबई में एक संपत्ति की बिक्री से मिली रकम को लेकर अक्सर झगड़ा होता था। आरोपी बेटा कर्ज चुकाने और कार खरीदने के लिए भी पैसे मांगता था।’’

मोहनलाल मुंबई के दादर इलाके में बर्तनों की दुकान चलाते थे। पिता के साथ तीखी बहस के बाद मुकेश रविवार दोपहर अपने अपार्टमेंट से चला गया।

पुलिस ने बताया, ‘‘उसने हार्डवेयर की दुकान से टाइल और स्लैब काटने में इस्तेमाल होने वाली नयी इलेक्ट्रिक ग्राइंडर मशीन खरीदी। घर लौटने के बाद उसने इस मशीन से अपने पिता का गला काट दिया। इसके बाद वह घटनास्थल से फरार हो गया।’’

इस घटना का खुलासा तब हुआ, जब मोहनलाल के छोटे बेटे ने कई बार फोन किया, लेकिन उसके पिता ने फोन नहीं उठाया।

पुलिस ने बताया, ‘‘उसने अपार्टमेंट में देखने के लिए अपने एक परिचित को भेजा। वहां पहुंचने पर परिवार के मित्र ने मोहनलाल परमार को खून से लथपथ मृत पड़ा पाया। उनकी गर्दन पर गंभीर चोटें थीं। उन्होंने तुरंत स्थानीय अधिकारियों को इसकी सूचना दी।’’

पुलिस ने एक घंटे के भीतर मुकेश परमार का पता लगा लिया और पड़ोसी राज्य गुजरात के भरूच से उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को सोमवार को पांच दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया। मामले में जांच जारी है।

भाषा आशीष नरेश

नरेश