नयी दिल्ली, 19 अक्टूबर (भाषा) सहजानंद मेडिकल टेक्नोलॉजीज लिमिटेड के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) को बोली के अंतिम दिन सोमवार को 14.20 गुना अभिदान मिला।
एनएसई के आंकड़ों के अनुसार, 475 करोड़ रुपये के इस आईपीओ के लिए पेश किए गए 97,50,482 शेयरों के मुकाबले 13,84,72,771 शेयर के लिए बोलियां मिलीं।
पात्र संस्थागत खरीदारों (क्यूआईबी) की श्रेणी को 34.70 गुना, गैर-संस्थागत निवेशकों की श्रेणी को 14.64 गुना और खुदरा निवेशकों की श्रेणी को 3.03 गुना अभिदान मिला।
सहजानंद मेडिकल टेक्नोलॉजीज ने पिछले सप्ताह बुधवार को बड़े (एंकर) निवेशकों से 140 करोड़ रुपये जुटाए थे।
आईपीओ के लिए 327 से 344 रुपये प्रति शेयर मूल्य दायरा तय किया गया है।
सहजानंद मेडिकल टेक्नोलॉजीज हृदय में लगाए जाने वाले ‘स्टेंट’ बनाने वाली कंपनी है।
यह निर्गम पूरी तरह बिक्री पेशकश (ओएफएस) है, जिसके तहत मौजूदा शेयरधारक 1.38 करोड़ तक इक्विटी शेयर बेच रहे हैं। इसमें नए शेयर जारी नहीं किए जा रहे हैं, इसलिए कंपनी को आईपीओ से कोई राशि नहीं मिलेगी।
कंपनी का शेयर 23 अक्टूबर को बीएसई और एनएसई पर सूचीबद्ध होगा।
भाषा यासिर अजय
अजय