गुवाहाटी, 19 अक्टूबर (भाषा) असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने सोमवार को कहा कि भारत में अवैध रूप से दाखिल हुए 24 विदेशी नागरिकों को अलग-अलग जगहों से पकड़ा गया है।
शर्मा ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, “असम के ज्यादातर लोग दुर्गा पूजा के पंडाल घूम रहे हैं। वहीं, असम पुलिस अवैध घुसपैठियों को पकड़ रही है! गुप्त सूचना के आधार पर अलग-अलग होमस्टे में छिपे 24 अवैध प्रवासियों को पकड़ा गया।”
हालांकि, उन्होंने इन घुसपैठियों की राष्ट्रीयता, उन्हें कहां पकड़ा गया या वे किस देश से आए थे, जैसी जानकारियां साझा नहीं कीं।
मुख्यमंत्री ने कहा, “असम दुर्गा पूजा मनाने वालों का स्वागत करता है, लेकिन अवैध रूप से आए लोगों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। असम पुलिस 24 घंटे सतर्क है।”
असम के श्रीभूमि, कछार, धुबरी और दक्षिण सलमारा-मनकाचर जिलों में बांग्लादेश से लगी 267.5 किलोमीटर लंबी अंतरराष्ट्रीय सीमा है।
श्रीभूमि जिले के सुतारकांडी में एक एकीकृत जांच चौकी (आईसीपी) है। पूर्वोत्तर में भारत-बांग्लादेश सीमा पर कुल तीन एकीकृत जांच चौकियां हैं, जिनमें से बाकी दो मेघालय के डॉकी और त्रिपुरा के अखौरा में हैं।
इस क्षेत्र में असम के दर्रंगा में भारत-भूटान सीमा पर भी एक एकीकृत जांच चौकी है।
भाषा
जोहेब नरेश
नरेश