नयी दिल्ली, 19 अक्टूबर (भाषा) राष्ट्रीय राजधानी में सोमवार सुबह इस महीने का अब तक का सबसे कम न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने यह जानकारी दी।
सफदरजंग मौसम केंद्र पर न्यूनतम तापमान 17.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.3 डिग्री कम है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, सोमवार को अधिकतम तापमान 31.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
आईएमडी के एक अधिकारी ने बताया कि दिल्ली के मुख्य मौसम केंद्र सफदरजंग में न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.3 डिग्री कम दर्ज किया गया।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, शाम चार बजे 24 घंटे का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 139 दर्ज किया गया, जो 'मध्यम' श्रेणी में आता है।
सोमवार को 58 निगरानी केंद्रों में से दो में वायु गुणवत्ता 'खराब' श्रेणी में दर्ज की गई, जबकि छह केंद्रों पर यह 'संतोषजनक' रही। शेष केंद्रों में वायु गुणवत्ता 'मध्यम' श्रेणी में रही। पूसा में सबसे अधिक एक्यूआई 281 दर्ज किया गया।
'वायु गुणवत्ता प्रारंभिक चेतावनी प्रणाली' के पूर्वानुमान के अनुसार, दिल्ली की वायु गुणवत्ता 19 और 20 अक्टूबर को 'मध्यम' श्रेणी में रहने की संभावना है। इसके बाद 21 और 22 अक्टूबर को इसके 'खराब' श्रेणी में पहुंचने का अनुमान है। अगले छह दिनों के पूर्वानुमान में भी इसके 'खराब' रहने की आशंका जताई गई है।
भाषा
प्रचेता अविनाश
अविनाश