लुधियाना, 19 अक्टूबर (भाषा) पंजाब के शाही इमाम मौलाना मोहम्मद उस्मान रहमानी लुधियानवी को बठिंडा दौरे के दौरान एक अज्ञात नंबर से फोन पर जान से मारने की धमकी मिली। उनके एक प्रतिनिधि ने सोमवार को यह जानकारी दी।
जामा मस्जिद लुधियाना के अध्यक्ष मुहम्मद मुस्तकीम ने बताया कि धमकी मिलने के तुरंत बाद इमाम ने पुलिस को इसकी सूचना दी।
उन्होंने बताया कि इससे पहले भी इमाम को पत्र और सोशल मीडिया के जरिए धमकियां मिल चुकी हैं।
मुस्तकीम ने कहा कि इमाम की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग को लेकर पंजाब के पुलिस महानिदेशक गौरव यादव और लुधियाना के पुलिस आयुक्त को बार-बार पत्र व ईमेल भेजे गए हैं।
उन्होंने कहा कि प्रशासन और जामा मस्जिद की टीम इस मामले को गंभीरता से ले रही है।
भाषा जितेंद्र नरेश
नरेश