सूरत, 19 अक्टूबर (भाषा) मुंबई में टाइगर श्रॉफ पर हुई गोलीबारी के मामले में नया सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिसमें कथित तौर पर दो संदिग्ध गुजरात के सूरत स्टेशन पर पुणे-जयपुर एक्सप्रेस ट्रेन में चढ़ने के लिए जल्दी-जल्दी जाते हुए दिखाई दे रहे हैं। रेलवे पुलिस के एक अधिकारी ने सोमवार को बताया कि यह फुटेज अभिनेता पर हुए हमले के कुछ घंटों बाद की है।
अधिकारी के अनुसार, संदिग्ध मुंबई से लगभग 275 किमी दूर सूरत तक टैक्सी से गए और फिर रविवार देर रात करीब 1:30 बजे जयपुर जाने वाली ट्रेन में सवार हो गए।
पश्चिमी रेलवे के वडोदरा मंडल के पुलिस अधीक्षक (एसपी) अभय सोनी ने बताया कि गुजरात में राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने मुंबई पुलिस के साथ समन्वय करके संदिग्धों का पता लगाने के अभियान में योगदान दिया।
उन्होंने बताया, “हां, हमने संदिग्धों का पता लगाने के लिए मुंबई पुलिस के साथ मिलकर काम किया (टाइगर श्रॉफ गोलीबारी मामले के ये संदिग्ध बाद में राजस्थान के कोटा स्टेशन पर पकड़े गए)।”
एसपी ने बताया, “महाराष्ट्र पुलिस के साथ साझा किये गये (सूरत) स्टेशन के सीसीटीवी फुटेज में आरोपियों को एक प्लेटफॉर्म पर दौड़ते हुए देखा जा सकता है, जो पुणे-जयपुर सुपरफास्ट एक्सप्रेस के एक जनरल डिब्बे में चढ़ने की कोशिश कर रहे थे।”
अभिनेता श्रॉफ पर कथित तौर पर गोली चलाने वाले तीन लोगों को सोमवार सुबह कोटा स्टेशन पर एक ट्रेन से गिरफ्तार कर लिया गया। यह गिरफ्तारी 15 मिनट के एक त्वरित अभियान के तहत की गई; माना जा रहा है कि ये लोग संभवत: मुंबई से नेपाल जा रहे थे।
कोटा की पुलिस अधीक्षक (एसपी) तेजस्विनी गौतम ने बताया कि बिहार के बेगूसराय के रहने वाले रितिक उर्फ रोशन और हरियाणा के सोनीपत के रहने वाले रेहान समेत तीन लोगों को पुणे-जयपुर सुपरफास्ट एक्सप्रेस के जनरल कोच से पकड़ा गया। यह ट्रेन सुबह 10:17 बजे कोटा में रुकी थी।
भाषा प्रशांत नरेश
नरेश