नयी दिल्ली, 19 अक्टूबर (भाषा) स्थानीय खोज सेवा (सर्च इंजन) देने वाली कंपनी जस्ट डायल लिमिटेड का चालू वित्त वर्ष 2026-27 की जुलाई-सितंबर तिमाही में एकीकृत शुद्ध लाभ सालाना आधार पर 9.73 प्रतिशत घटकर 107.8 करोड़ रुपये रह गया।
कंपनी ने वित्त वर्ष 2025-26 की समान तिमाही में 119.44 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ दर्ज किया था।
जस्ट डायल लिमिटेड ने शेयर बाजार को दी सूचना में बताया कि समीक्षाधीन तिमाही में उसका परिचालन राजस्व 13.11 प्रतिशत बढ़कर 342.82 करोड़ रुपये हो गया, जो एक साल पहले इसी अवधि में 303.07 करोड़ रुपये था।
कंपनी का कुल खर्च भी 14.6 प्रतिशत बढ़कर 262.81 करोड़ रुपये हो गया।
रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड के खुदरा कारोबार की इकाई रिलायंस रिटेल वेंचर्स के स्वामित्व वाली जस्ट डायल की कुल आय चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में 5.6 प्रतिशत बढ़कर 397.38 करोड़ रुपये रही।
बीएसई पर सोमवार को कंपनी का शेयर 2.82 प्रतिशत की बढ़त के साथ 732.55 रुपये पर बंद हुआ।
भाषा योगेश अजय
अजय