Breaking News

टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग के एक संदिग्ध को कोटा से हिरासत में लिया गया     |   हैदराबाद के पास सड़क हादसा, खड़ी लॉरी से टकराई RTC बस, 15 घायल     |   कनाडाई सैन्य अड्डे पर घास में लगी आग, 4 लोगों की मौत     |   तेल अवीव-वियना फ्लाइट को मिली बम से उड़ाने की धमकी, बुल्गारिया में कराई गई इमरजेंसी लैंडिंग     |   भारत छोड़ने के नोटिस को इमरान खान ने दी चुनौती, बॉम्बे हाई कोर्ट में सुनवाई आज     |  

कर्नाटक में एक व्यक्ति की हत्या के मामले में पत्नी और उसके दोस्त समेत तीन लोग गिरफ्तार

विजयपुरा (कर्नाटक), 19 अक्टूबर (भाषा) कर्नाटक के विजयपुरा में एक व्यक्ति की कार से कुचलकर हत्या करने के मामले में उसकी 30 वर्षीय पत्नी और उसके मित्र समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि इस मामले में एक नाबालिग को भी पकड़ा गया है गिरफ्तार किए गए लोगों में उस व्यक्ति की पत्नी अश्विनी और उसका मित्र आनंद रौतप्पा कल्लूर (25) शामिल हैं।

पुलिस के अनुसार, राजशेखर बीरादर और अश्विनी की शादी को 10 साल हो चुके थे और उनके छह साल के जुड़वां बेटे हैं, परिवार विजयपुरा के एकता नगर में रहता था।

विजयपुरा के पुलिस अधीक्षक (एसपी) लक्ष्मण निंबार्गी ने बताया कि यह मामला चार अक्टूबर को विजयपुरा के यातायात थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 281 (तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाना), धारा 106(1) (लापरवाही से मौत का कारण बनना) और मोटर वाहन अधिनियम के प्रावधानों के तहत दर्ज सड़क हादसे की जांच के दौरान सामने आया।

अश्विनी ने अपनी शिकायत में दावा किया था कि चार अक्टूबर को सुबह करीब पांच से साढ़े पांच बजे के बीच उसका 42 वर्षीय पति राजशेखर टहलने निकला था, तभी किसी अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। इस हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

हालांकि, हादसे की परिस्थितियों को लेकर संदेह पैदा हुआ और जांच के दौरान कथित साजिश का खुलासा हुआ।

पुलिस के मुताबिक, करीब सात महीने पहले राजशेखर और अश्विनी ने एक नया घर बनवाया था और उसकी रंगाई-पुताई का काम कल्लूर को सौंपा था। इसी दौरान कल्लूर की अश्विनी से जान-पहचान हुई और दोनों के बीच दोस्ती हो गई।

पुलिस ने बताया कि अश्विनी अपने पति से छुटकारा पाना चाहती थी और उसने कल्लूर के साथ मिलकर उसकी हत्या कर उसे सड़क हादसे का रूप देने की साजिश रची।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इस साजिश के तहत नाबालिग समेत चार लोगों ने वारदात को अंजाम दिया। चार अक्टूबर को सुबह करीब साढ़े पांच बजे जब राजशेखर सैर के लिए निकला, तो अश्विनी ने कल्लूर को उसकी लोकेशन की जानकारी दी।

कल्लूर ने मोटरसाइकिल से राजशेखर का पीछा किया और अपने साथियों को उसकी लोकेशन बताई। इसके बाद सचिन और नाबालिग आरोपी बिना नंबर प्लेट वाली काली एसयूवी में वहां पहुंचे और राजशेखर को कुचल दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।

भाषा खारी रंजन

रंजन