Breaking News

टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग के एक संदिग्ध को कोटा से हिरासत में लिया गया     |   हैदराबाद के पास सड़क हादसा, खड़ी लॉरी से टकराई RTC बस, 15 घायल     |   कनाडाई सैन्य अड्डे पर घास में लगी आग, 4 लोगों की मौत     |   तेल अवीव-वियना फ्लाइट को मिली बम से उड़ाने की धमकी, बुल्गारिया में कराई गई इमरजेंसी लैंडिंग     |   भारत छोड़ने के नोटिस को इमरान खान ने दी चुनौती, बॉम्बे हाई कोर्ट में सुनवाई आज     |  

अजमेर में ईवीएम स्ट्रॉन्ग रूम की सुरक्षा में तैनात आरएसी कांस्टेबल ने आत्महत्या की

जयपुर, 19 अक्टूबर (भाषा) राजस्थान के अजमेर जिले में उस स्ट्रॉन्ग रूम की सुरक्षा में तैनात राजस्थान सशस्त्र कांस्टेबुलरी (आरएसी) के एक कांस्टेबल ने सोमवार शाम अपनी सर्विस राइफल से खुद को कथित तौर पर गोली मारकर आत्महत्या कर ली, जहां पंचायती राज चुनाव में इस्तेमाल इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) रखी गई थी। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि घटना माखुपुरा स्थित राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज में शाम करीब 5:15 बजे हुई, जब पाली बदली जा रही थी। उसने बताया कि मृतक कांस्टेबल की पहचान नरेंद्र गोदारा (31) के रूप में हुई है।

पुलिस अधीक्षक (एसपी) हर्षवर्धन अग्रवाल ने बताया कि राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज में चुनाव संबंधी स्ट्रॉन्ग रूम बनाया गया है, जिसकी सुरक्षा के लिए 9वीं आरएसी टोंक की ए-कंपनी 16 अक्टूबर से तैनात थी।

उन्होंने बताया कि इसी कंपनी में कार्यरत 2018 बैच का कांस्टेबल नरेंद्र सोमवार शाम ड्यूटी पर था और पाली बदलने के दौरान उसने अपनी सर्विस राइफल ठोड़ी के नीचे रखकर गोली चला दी।

अग्रवाल के मुताबिक, प्रथम दृष्टया यह मामला आत्महत्या का लग रहा है। हालांकि, उन्होंने कहा कि आत्महत्या के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है।

अधिकारियों के अनुसार, नरेंद्र वर्ष 2018 में प्रतापगढ़ स्थित महाराणा प्रताप बटालियन में भर्ती हुआ था। उन्होंने बताया कि वह मूल रूप से नागौर जिले के डेगाना क्षेत्र का निवासी था और वर्तमान में अजमेर में रह रहा था।

नरेंद्र की पत्नी जिला पुलिस में कांस्टेबल है और अजमेर शहर की यातायात पुलिस में तैनात है। दंपती की एक साल की बेटी है।

भाषा

बाकोलिया पारुल

पारुल

पारुल