सोनीपत (हरियाणा), 19 अक्टूबर (भाषा) मुंबई में अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर गोलीबारी की घटना में संलिप्तता के आरोप में राजस्थान में गिरफ्तार किए गए तीन संदिग्धों में से एक के पिता ने बताया कि उनका बेटा शस्त्र अधिनियम के एक मामले में जमानत पर बाहर था।
कोटा की पुलिस अधीक्षक तेजस्विनी गौतम ने बताया कि बिहार के बेगूसराय के रहने वाले रितिक उर्फ रोशन और हरियाणा के सोनीपत के रहने वाले रेहान समेत तीन लोगों को पुणे-जयपुर सुपरफास्ट एक्सप्रेस के सामान्य डिब्बे से पकड़ा गया। यह ट्रेन सुबह 10:17 बजे कोटा में रुकी थी।
रेहान के पिता रईसुद्दीन ने संवाददाताओं को बताया कि उसे पहले शस्त्र अधिनियम के तहत दर्ज एक मामले में गिरफ्तार किया गया था और वह जमानत पर बाहर था। रेहान ने नौवीं कक्षा की पढ़ाई बीच में ही छोड़ दी थी।
दिहाड़ी मजदूर रईसुद्दीन ने कहा, ‘‘वह करीब 10 साल से मेरे साथ नहीं रह रहा है...वह देवड़ू गांव में अपनी मां के साथ रह रहा था। कुछ महीने पहले उसके खिलाफ हथियार से जुड़े एक मामले में मुकदमा दर्ज किया गया था। उसकी मां ने उसकी जमानत का इंतजाम किया था। उसकी मां एक कारखाने में काम करती है।’’
रईसुद्दीन ने कुछ महीने पहले दर्ज मामले में अपने बेटे की कथित संलिप्तता के लिए उसके ‘दोस्तों के समूह’ को जिम्मेदार ठहराया।
रेहान की मौसी अफसाना ने बताया कि करीब दो सप्ताह पहले उसने फोन कर कहा था कि वह गुरुग्राम में वेल्डिंग का काम सीख रहा है। उन्होंने बताया कि रेहान उनके साथ गांव में रह रहा था और उसकी मां एक कारखाने में काम करती थीं।
वहीं, हरियाणा के सोनीपत जिले के बरोदा गांव के एक अन्य आरोपी के पिता नरेश ने कहा कि उन्हें नहीं पता कि उनका बेटा मुंबई कैसे पहुंचा।
दिहाड़ी मजदूर नरेश ने कहा, ‘‘उसने मुझे कुछ नहीं बताया।’’ उन्हें यह भी ठीक से याद नहीं था कि उनका बेटा किस तारीख को घर से निकला था, हालांकि उन्होंने संकेत दिया कि उसे गए करीब एक महीने से अधिक हो चुका है।
तीन बेटियों सहित चार बच्चों के पिता नरेश ने बताया कि उसका बेटा आजीविका कमाने के लिए गोहाना में टाइल लगाने का काम सीख रहा था।
मुंबई में संवाददाता सम्मेलन में पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) राज तिलक रोशन ने बताया कि आरोपियों में से एक की उम्र 18 वर्ष है, जबकि अन्य दो की उम्र 22-22 वर्ष है।
उन्होंने कहा, ‘‘दो आरोपी हरियाणा से और एक बिहार से है। गिरफ्तार किए गए तीन हमलावरों में से दो ने टाइगर श्रॉफ की कार पर पांच से छह गोलियां चलाई थीं।’’
मुंबई के जुहू इलाके में रविवार शाम हुई घटना की जांच तेज होने के बीच पुलिस ने बताया कि रेहान, अनिल पंडित के संपर्क में था। पंडित को लॉरेंस बिश्नोई गिरोह का कथित सहयोगी बताया जा रहा है। इस गिरोह ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के जरिए घटना की जिम्मेदारी लेने का दावा किया था।
रविवार शाम मुंबई के जुहू इलाके में तीन हमलावरों ने अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर गोलीबारी की। इस घटना में अभिनेता बाल-बाल बच गए, जबकि उनकी कार का चालक और एक अन्य व्यक्ति घायल हो गए।
भाषा आशीष नरेश
नरेश