नयी दिल्ली, 19 अक्टूबर (भाषा) सार्वजनिक क्षेत्र की भारतीय नवीकरणीय ऊर्जा विकास एजेंसी लि. (इरेडा) ने सोमवार को कहा कि सितंबर तिमाही में उसका एकल शुद्ध लाभ मामूली बढ़त के साथ 554 करोड़ रुपये पर पहुंच गया।
इरेडा ने एक बयान में यह जानकारी दी। इससे पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में उसने 549 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ कमाया था।
जुलाई-सितंबर तिमाही में कंपनी का परिचालन राजस्व एक साल पहले के 2,057 करोड़ रुपये से 14 प्रतिशत बढ़कर 2,345 करोड़ रुपये हो गया।
समीक्षाधीन तिमाही में ऋण वितरण एक साल पहले की समान तिमाही के 8,062 करोड़ रुपये से 31 प्रतिशत बढ़कर 10,579 करोड़ रुपये हो गया।
कंपनी का कुल ऋण (लोन बुक) दूसरी तिमाही में सालाना आधार पर 15 प्रतिशत बढ़कर 97,411 करोड़ रुपये हो गई।
समीक्षाधीन तिमाही के दौरान कंपनी का नेटवर्थ पिछले वर्ष के 12,920 करोड़ रुपये से 11 प्रतिशत बढ़कर 14,337 करोड़ रुपये हो गया।
इरेडा के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक (सीएमडी) विजय कुमार मोहंती ने कहा, ‘‘वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही का हमारा प्रदर्शन निरंतर मजबूती और गुणवत्तापूर्ण वृद्धि पर हमारे ध्यान को दर्शाता है।’’ उन्होंने कहा कि कंपनी की परिसंपत्ति की गुणवत्ता में हुआ तेज सुधार है, जिसमें शुद्ध एनपीए 1.97 प्रतिशत से घटकर 1.08 प्रतिशत रह गया है।
भाषा पाण्डेय अजय
अजय