श्रीनगर, 19 अक्टूबर (भाषा) जम्मू कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा और मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने सोमवार को विजयादशमी की पूर्व संध्या पर लोगों को बधाई दी।
सिन्हा ने एक संदेश में कहा, 'विजयादशमी के शुभ अवसर पर, मैं सभी को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं देता हूं। देश के विभिन्न हिस्सों में दशहरा और दुर्गा पूजा के रूप में मनाया जाने वाला विजयादशमी का त्योहार बुराई पर अच्छाई, असत्य पर सत्य और अधर्म पर धर्म की जीत का प्रतीक है।'
उन्होंने कहा कि मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्री राम का जीवन इन शाश्वत गुणों का आदर्श उदाहरण है और हमें एक सदाचारी जीवन जीने के लिए प्रेरित करता है।
उपराज्यपाल ने कहा, 'ईश्वर करे कि यह विजयादशमी, दशहरा और दुर्गा पूजा सभी के लिए शांति, समृद्धि और खुशियां लेकर आए।'
वहीं, मुख्यमंत्री अब्दुल्ला ने भी महानवमी और दशहरा के शुभ अवसरों पर जम्मू कश्मीर के लोगों को हार्दिक बधाई दी।
अपने संदेश में मुख्यमंत्री ने कहा कि ये त्योहार सत्य, सदाचार और बुराई पर अच्छाई की जीत के शाश्वत मूल्यों को दर्शाते हैं।
उन्होंने उम्मीद जताई कि ये शुभ अवसर लोगों के जीवन में शांति, समृद्धि और खुशहाली लेकर आएंगे तथा जम्मू-कश्मीर में सांप्रदायिक सौहार्द और भाईचारे को और मजबूत करेंगे।
मुख्यमंत्री ने लोगों से इन त्योहारों की मूल भावना से प्रेरणा लेने और पारस्परिक सम्मान, एकता तथा शांतिपूर्ण सह-अस्तित्व के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को दोहराने का आह्वान किया।
भाषा प्रचेता नरेश
नरेश