नयी दिल्ली, 19 अक्टूबर (भाषा) ब्रिटेन की लक्जरी कार विनिर्माता कंपनी बेंटले ने सोमवार को कहा कि भारत उसके लिए एक महत्वपूर्ण बाजार बना हुआ है।
कंपनी के अनुसार, भारत-ब्रिटेन मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) से पात्र ब्रिटेन में निर्मित वाहनों को भारतीय बाजार तक बेहतर पहुंच मिल सकती है और देश के लक्जरी वाहन क्षेत्र के विकास में मदद मिल सकती है।
भारत-ब्रिटेन व्यापक आर्थिक एवं व्यापार समझौता (सीईटीए) जुलाई में लागू हुआ था। इसके तहत ब्रिटेन को भारत के करीब 99 प्रतिशत निर्यात पर शुल्क-मुक्त पहुंच मिली है।
इस समझौते से दोनों देशों के बीच व्यापार, निवेश और सेवाओं के क्षेत्र में संबंधों को और मजबूत करने का रास्ता खुला है।
समझौते में ब्रिटेन से आने वाली कारों और अल्कोहल वाले पेय पदार्थ पर आयात शुल्क में चरणबद्ध कटौती का प्रावधान है। हालांकि, घरेलू उत्पादकों के हितों की रक्षा के लिए आयात की निर्धारित मात्रा की सीमा और बदलाव के लिए समयसीमा भी तय की गई है।
बेंटले मोटर्स ने कहा, “भारत-ब्रिटेन मुक्त व्यापार समझौते के तहत तय आयात सीमा के भीतर पात्र ब्रिटेन में निर्मित वाहनों को भारतीय बाजार तक बेहतर पहुंच मिलने की उम्मीद है। आने वाले वर्षों में शुल्क में धीरे-धीरे कमी से भारत में ब्रिटेन के लग्जरी ब्रांड के लिए अधिक अनुकूल माहौल बनने की संभावना है।”
कंपनी भारत में छह मॉडल बेचती है। इनमें बेंटायगा, बेंटायगा ईडब्ल्यूबी, कॉन्टिनेंटल जीटी, कॉन्टिनेंटल जीटी कन्वर्टिबल, फ्लाइंग स्पर और टोरकल शामिल हैं।
कंपनी के अनुसार, फिलहाल यह समझौता बेंटायगा और बेंटायगा ईडब्ल्यूबी मॉडल पर लागू होता है। ये दोनों परंपरागत इंजन वाले मॉडल हैं और इनके ग्राहक समझौते के तहत शुल्क में कटौती का सीधे लाभ उठा सकते हैं।
भाषा योगेश अजय
अजय