लखनऊ, 19 अक्टूबर (भाषा) उत्तर प्रदेश में मतदाता सूची में दोहरी प्रविष्टि पर राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) ने सख्ती दिखाई है। सोमवार को जारी एक आधिकारिक बयान में कहा गया है कि लापरवाह अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
बयान के मुताबिक, सीईओ नवदीप रिणवा ने सोमवार को मतदाता सूची में दोहरी प्रविष्टि को हटाने और आगामी 24 अक्टूबर को आयोजित होने वाले विशेष अभियान दिवस की तैयारियों के संबंध में सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों एवं मतदाता पंजीकरण अधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से बैठक की।
बयान में कहा गया है कि रिणवा ने निर्देश दिए कि मतदाता सूची को शुद्ध एवं त्रुटि रहित बनाने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाएं और इस काम में किसी भी स्तर पर शिथिलता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बयान के अनुसार, मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने निर्देश दिया कि विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के दौरान एक ही मतदाता के एक से अधिक आवेदन पेश कर मतदाता सूची में नाम दर्ज कराए जाने से उत्पन्न दोहरी प्रविष्टि के मामलों को गंभीरता से लिया जाए।
इसमें कहा गया है कि रिणवा ने कहा कि बूथ स्तरीय अधिकारियों (बीएलओ) के माध्यम से ऐसे मतदाताओं को चिन्हित कर नियमानुसार फार्म-7 भरवाकर दोहरी प्रविष्टि से संबंधित मामलों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
भाषा
आनन्द पारुल
पारुल