नयी दिल्ली, 19 अक्टूबर (भाषा) बोनफिग्लियोली ट्रांसमिशंस लिमिटेड के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) को सोमवार को बोली के अंतिम दिन 46.06 गुना अभिदान (बोलियां) मिला।
एनएसई के पास उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, कंपनी के 2,533.80 करोड़ रुपये के आईपीओ में 3,02,82,330 शेयरों की पेशकश के मुकाबले 1,39,46,56,825 शेयरों के लिए बोलियां मिलीं।
पात्र संस्थागत खरीदारों (क्यूआईबी) के लिए आरक्षित हिस्से को 120.78 गुना अभिदान मिला, जबकि गैर-संस्थागत निवेशकों की श्रेणी में 40.40 गुना अभिदान मिला। खुदरा निवेशकों के हिस्से को 5.91 गुना अभिदान प्राप्त हुआ।
बोनफिग्लियोली ट्रांसमिशंस लिमिटेड ने पिछले सप्ताह बुधवार को एंकर निवेशकों से 759.26 करोड़ रुपये जुटाए थे।
आईपीओ के लिए मूल्य दायरा 558 से 586 रुपये प्रति शेयर तय किया गया है।
यह आईपीओ पूरी तरह बिक्री पेशकश (ओएफएस) पर आधारित है।
इसलिए कंपनी को आईपीओ से कोई राशि प्राप्त नहीं होगी और पूरी रकम शेयर बेचने वाले प्रवर्तक को मिलेगी।
इटली स्थित बोनफिग्लियोली एस.पी.ए. की भारतीय अनुषंगी कंपनी बोनफिग्लियोली ट्रांसमिशंस यांत्रिक और इलेक्ट्रो-मेकेनिकल पावर ट्रांसमिशन उत्पादों तथा औद्योगिक ड्राइव समाधान का विनिर्माण करती है। इसके उत्पादों में गियरबॉक्स, गियर मोटर और ड्राइव सिस्टम शामिल हैं।
भाषा राजेश राजेश अजय
अजय